जब दलित महिला एसपी, सीओ और स्थानीय कोर्ट से हारी तो हाईकोर्ट पहुंच लगाई गुहार, आदेश के बाद चौकी प्रभारी समेत सात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर : अलीनगर थाना क्षेत्र के भूपौली चौकी के तत्कालीन प्रभारी अमित सिंह सहित सात लोगों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामला जमीन विवाद से जुड़ा है, जिसमें एक दलित महिला और उसके परिजनों के साथ गंभीर उत्पीड़न, मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज और आगजनी के आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद हाईकोर्ट के आदेश पर यह प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कैली गांव निवासी दशरथ की पत्नी रीता देवी ने 6 जुलाई 2023 की घटना को लेकर एससी/एसटी न्यायालय चंदौली में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि भूपौली चौकी प्रभारी अमित सिंह अपने सहयोगियों के साथ रात करीब 9 से 10 बजे के बीच उसकी मड़ई में जबरन घुस आए। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया तथा जमीन पर कब्जा करने की नीयत से मड़ई तोड़ने और आग लगाने की धमकी दी गई।
बसंत और ओमप्रकाश ने मिलकर मड़ई में आग लगा दी, जिससे उसे भारी नुकसान हुआ। घटना का विरोध करने पर उसके ससुर राधेश्याम के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि चौकी प्रभारी ने बुजुर्ग को थप्पड़ मारकर तालाब में गिरा दिया और बाद में लाठी-डंडों से पिटाई की, जिससे उनके हाथ की एक उंगली टूट गई। रीता देवी का कहना है कि घटना के बाद उसने थाना, क्षेत्राधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्तर पर शिकायत की, लेकिन कहीं भी उसकी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने सिविल न्यायालय की शरण ली, जहां से प्रकरण खारिज हो गया। अंततः हाईकोर्ट में गुहार लगाने पर न्यायालय के आदेश से प्राथमिकी दर्ज कराई जा सकी।
हाईकोर्ट के आदेश पर अलीनगर थाने में भूपौली चौकी प्रभारी अमित सिंह के साथ ही ग्रामीण चौथी, बल्लू, कमलेश, ज्योत्सना, बसंत और ओमप्रकाश के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया। थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। वहीं क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि मामले की निष्पक्ष विवेचना की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
घटना की तारीख –6 जुलाई 2023
आरोप–दलित महिला की मड़ई में जबरन घुसकर मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज व आगजनी
पीड़ित- रीता देवी और उनके परिजन घायल- बुजुर्ग राधेश्याम, हाथ की उंगली टूटी, हाईकोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज



