
NEWS GURU पीडीडीयू नगर : पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर के वार्ड नंबर 7 महमूदपुर नई बस्ती निवासी बुजुर्ग की उसके बेटे से लड़ाई हो गई। इससे नाराज होकर बुजुर्ग मंगलवार की अप सियालदह अजमेर एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूद गया। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका। इंजन के नीचे फंसे बुजुर्ग को आरपीएफ ने सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला और परिवार वालों के हवाले कर दिया।
आरपीएफ पीडीडीयू निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि मंगलवार की सुबह कंट्रोल से सूचना मिली कि न्यू आरआरआई केबिन के पास गाड़ी संख्या 12987 अप सियालदाह अजमेर एक्सप्रेस के नीचे कोई व्यक्ति आ गया है। इस सूचना पर पोस्ट के सहायक उपनिरीक्षक राकेश सिंह और अरविंद कमार सिंह दल बल के साथ पहुंचे। यहां पोल संख्या 673-85 के पास सियालदह अजमेर एक्सप्रेस के इंजन के नीचे एक बुजुर्ग फंसा हुआ था। वह पूरे होश ओ हवास में था। बुजुर्ग को समझा बुझाकर इंजन के नीचे से सुरक्षित निकला।
पूछताछ में बुजुर्ग ने बताया कि वार्ड नंबर 7 नई बस्ती का रहने वाला है और बेटे से लड़ाई के बाद आत्महत्या के लिए रेलवे लाइन पर आ गया। वहीं ट्रेन के चालक ने ने बताया कि ट्रेन रेलवे स्टेशन के समीप 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। इसी बीच बुजुर्ग व्यक्ति इंजन के सामने आ गया। इस पर उसने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया। इससे गाड़ी रुक गई। हालांकि बुजुर्ग से इंजन छू गया और वह इंजन के नीचे आ गया। वहीं आरपीएफ की सूचना पाकर बुजुर्ग की पत्नी और बेटा आरपीएफ में पहुंचे। यहां बुजुर्ग को समझा बुझाकर परिवार वालों के साथ जाने को राजी किया गया। बुजुर्ग के सुरक्षित मिलने पर परिवार वालों ने आरपीएफ को धन्यवाद दिया।



