फॉर्म हाउस में सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या, घटना के बाद सीसी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़ ले गए बदमाश

NEWS GURU चंदौली । एक तरफ जिले में होली के शांतिपूर्ण माहौल में समाप्त होने के बाद बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन होली के जश्न की तैयारी चल रही थी उसी दौरान कंदवा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव के पूरब तरफ दोपहर बाद करीब ढाई बजे फार्म हाउस में सोए युवक की बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देकर हत्यारे खेतों से होते हुए भाग गए।

इस दौरान बदमाश फार्म हाउस में लगे सीसी कैमरे का डीवीआर भी साथ ले गए। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर कंदवा, चंदौली और धीना थाने की फोर्स पहुंच गई। वहीं फोेरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए। एसपी आदित्य लांग्हे ने भी पहुंच कर वस्तु स्थिति का जायजा लिया। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया ।

जलालपुर गांव निवासी अजीत सिंह क्षेत्र के बड़े काश्तकार थे। उनके दो पुत्र विवेक सिंह (33) और विशाल सिंह (27) थे। विशाल सिंह पिता की खेती संभालते थे। बृहस्पतिवार की दोपहर में ढाई बजे विशाल सिंह गांव के बाहर स्थित अपने फार्म हाउस में आराम कर रहे थे। इसी दौरान बदमाश वहां पहुंचे और उसकी कनपटी पर पिस्टल से गोली मार दी। इससे मौके पर ही विशाल की मौत हो गई। घटना के बाद बदमाश फार्म हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर उठा लिया और भाग निकले। फार्म हाउस के कर्मचारियों ने घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी। गोली मारकर हत्या की सूचना से इलाके में दहशत हो गई। देखते ही देखते लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर कंदवा, धीना और चंदौली थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। वहीं सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने लोगों को समझाने बुझाने की काेशिश की लेकिन लोग आक्रोशित रहे। परिवार वालों ने मुकदमा दर्ज कराने और पुलिस को शव लेने से रोक दिया। सूचना के लगभग डेढ़ घंटे बाद एएसपी अनंत चंद्रशेखर मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के बड़े भाई विवेक सिंह से बात कर समझाने की कोशिश की, बावजूद इसके बात नहीं बनी। लगभग तीन घंटे बाद पहुंचे एसपी आदित्य लांग्हे ने परिवार वालों को समझा बुझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस संंबध में एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में जांच की जा रही है। परिवार वालों से तहरीर ली जा रही है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



