दो गन हाउस अनुज्ञापियों पर प्राथमिकी दर्ज, जांच में फर्जी निकले शस्त्र लाइसेंसियों के नाम और पते

पुलिस ने 88 व्यक्तियों के लाईसेंस के निलंबन और निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की
NEWS GURU पीडीडीयू नगर : जिले में विभिन्न गन हाउस के जरिये बेचे गये कारतूसों के मामले में बड़ी गड़बड़ी मिली है। जांच के दौरान सामने आया कि दो गन हाउसों से 14 व्यक्तियों को 1111 कारतूस ऐसे व्यक्तियों को बेचे गये, जिनका नाम और पता फर्जी निकला है। इस मामले में पुलिस ने दोनों गन हाउस के अनुज्ञापियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर ली है। वहीं 4 गन हाउसों का वर्ष 2021 के बाद नवीनीकरण नहीं होने की बात भी सामनें आई। इसके अलावा अल्प समय में अधिक कारतूस खरीदने के आरोप में तीन शस्त्र लाइसेंसियों के विरूद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके साथ पुलिस की ओर से 88 शस्त्र लाइसेंसियों के लाइसेंस निलंबन और निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार जिले में चन्दौली गन हाउस नाम से संचालित प्रतिष्ठान की ओर से 1,061 कारतूस ऐसे 09 व्यक्तियों को बेचा गया, जिनका नाम व पता पुलिस की जांच में फर्जी निकला। वहीं पीडीडीयू नगर स्थित मालती गन हाउस के अनुज्ञापी की ओर से 50 कारतूस, 5 ऐसे व्यक्तियों को बेचा गया, जिनका नाम व पत भी फर्जी निकला। पुलिस की ओर से दोनों प्रतिष्ठानों के अनुज्ञापियों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं दोनों प्रतिष्ठानों का नवीनीकरण भी वर्ष 2021 के बाद नहीं हुआ था। जांच में सामने आया कि शस्त्र लाइसेंस धारक मोहम्मद कल्लू निवासी ग्राम बड़गांवा, थाना शहाबगंज ने 160 कारतूस, जितेन्द्र सिंह निवासी ग्राम चौथी, थाना भभुआ, जनपद कैमूर बिहार ने 125 कारतूस और लाइसेंस शस्त्र धारक मुकुन्द रावत निवासी चैनपुर जनपद भभुआ बिहार ने एक वर्ष में 399 कारतूस खरीदे गये लेकिन सभी ने इनका उपयोग नियम विरूद्ध तरीके से किया। जांच दौरान सामने आया कि जीएस गन हाउस पड़ाव पीडीडीयू नगर व वीर गन हाउस चन्दौली का भी नवीनीकरण वर्ष 2021 के बाद नही हुआ है । इस पर विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बिहार पुलिस ने बरामद किये थे 22 सौ कारतूस
पीडीडीयू नगर। जिले में स्थित गन हाउसों से कारतूसों की अवैध बिक्री का खेल काफी पुराना है। नवंबर 2022 में बिहार के मोहनिया स्थित डिडखिली टोल प्लास के पास एक कार से बिहार एसटीएफ और दुर्गावती थाना की संयुक्त टीम ने 2200 कारतूस एवं एक तमंचा बरामद किया था। इसमें .315 व .32 समेत .30 बोर कारतूस थे। बिहार पुलिस की जांच में सामने आया था कि सभी कारतूस बदमाशों ने चंदौली स्थित एक गन हाउस से खरीदे थे।



