जुए का ‘देवता” लगाता था जमघट, हर रोज होती थी 70 हजार से अधिक की कमाई…एक अधिकारी के ट्रांसफर पर बांटी थी मिठाई

NEWS GURU पीडीडीयू नगर : जलीलपुर पुलिस चौकी क्षेत्र एक बार फिर से चर्चाओं में आ गया । इसके पहले क्षेत्र में चोरी और उचक्कागिरी की घटनाओं ने चर्चाएं बटोरी, अब बड़े पैमाने में सेमरा के सिवान में स्थित एक बगीचे और घर में जुए के खेल का भंडाफोड़ हुआ है । जिले एडिशनल पुलिस अधीक्षक अनंत चन्द्रशेखर के नेतृत्व में स्वाट और मुगलसराय कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम छापेमारी की थी । जुए का पूरा खेल मग्गू पटेल के मकान में चल रहा था। पुलिस के अनुसार पूरे खेल को देवता यादव संचालित करता था। सूत्रों के अनुसार हर रोज एक बार में चार से पांच ग्रुप वहां जुआ खेलते थे। हर रोज देवता 50 से 70 हजार रूपये बतौर नाल उतारता था । पुलिस ने मौके से 14 लोगों को गिरफ्तार किया है । मौके से एक लाख 17 हजार 220 रूपये बरामद किए है । पुलिस ने कुल 21 लोगों के खिलाफ नामजद और 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है ।

पुलिस विभाग के एक बड़े अधिकारी के ट्रांसफर पर बांटी गई थी मिठाई
जुए का सिंडिकेट चलाने वाला देवता, इस खेल का पुराना खिलाड़ी है । सूत्र बताते है कि जिले में तैनात रहे एक पुलिस अधिकारी ने जब इस पर कार्रवाई की तो इसने अपने कारोबार को जिले की सीमा से समेट लिया था। इसके बाद वह उसे डोमरी और सुजाबाद में चलाने लगा था । अधिकारी के ट्रांसफर के बाद देवता ने नगर स्थित एक होटल में पार्टी देकर मिठाई तक बांटी थी। सूत्र बताते है कि देवता के मोबाइल की सही जांच हो जाए तो खाकी से प्रगाढ़ रिश्ते की कहानी भी सामने आ जाएगी ।
बड़े लोगों के लिए अलग से होती थी व्यवस्था
सेमरा में चल रहे जुए के अड्डे पर बड़े लोगो के लिए अलग से व्यवस्था होती थी । सूत्रों के अनुसार बनारस, रामनगर और आसपास के क्षेत्र के बड़े व्यापारी भी देवता के संपर्क में थे । जो उसके अड्डे पर जुआ खेलने आते थे । बड़े व्यापारियों के लिए अलग से गड्ढे और अन्य व्यवस्थाएं होती थी। इसके अलावा कम रुपए लगाकर जुआ खेलने वालों की अलग व्यवस्था होती थी ।
बीच गंगा नदी में नाव पर भी होता था जुआ
पड़ाव और आसपास के क्षेत्र में जुए का खेल काफी दोनों से चल रहा था। तमाम सेटिंग के बावजूद देवता यादव जुए का स्थान बदल देता था। सूत्र बताते है कि कुछ दिनों तक गंगा नदी के बीच में बड़ी नाव पर जुए का खेल चल रहा था ।
खाकी से लेकर खद्दर तक थे अच्छे सम्बन्ध
जुए का सिंडिकेट चलाने वाले देवता यादव के खाकी से लेकर खद्दर तक अच्छे सम्बन्ध थे। कई बड़े नेताओं के साथ उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर भरी पड़े है। वहीं इस खेल में खाकी का भी खूब सहयोग रहा। हालांकि देवता की कॉल डिटेल से उसके संबंधों के बारे में सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है ।
जुए के खेल में शामिल किसी को भी भी बख्शा नहीं जाएगा। सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी । जुए का सिंडिकेट चलाने वालों की संपत्ति का ब्यौरा एकत्र कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। – अनंत चन्द्रशेखर, एडिनशंल एसपी, चंदौली



