
NEWS GURU पीडीडीयू नगर : मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गांव के सीवान में जुए के सिंडिकेट का भंडफोड़ होने के बाद पुलिस अब इस खेल के मुख्य आरोपी देवता यादव और खाकी के बीच कनेक्शन की तलाश में जुट गई है। इस पूरे प्रकरण की जांच एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर कर रहे है। देवता यादव के कॉल डिटेल्स और उसके खाते से हुए ट्रांजेक्शन के बारे में भी जानकारी हासिल की जा रही है। सूत्रों के अनुसार जांच के बाद अभी कई अन्य पुलिसकर्मियों पर गाज गिर सकती है।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के समेरा गांव में पुलिस ने जुए के सिंडिकेट का भंडाफो़ड़ किया था। पुलिस ने मौके से 14 लोगों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान अन्य लोग मौके से फरार हो गये थे। बाद में पुलिस ने 21 नामजद और 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इसमें पुलिस ने देवता यादव, मग्गू पटेल और राहुल पटेल को मुख्य आरोपी बनाया था। प्रारंभिंक जांच के बाद मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया था। बाद में पुलिस ने जलीलपुर पुलिस चौकी प्रभारी अभिषेक शुक्ला समेत दो कारखासोें को निलंबित कर दिया था। वहीं देवता यादव के सोशल मीडिया में कई वीडियो वायरल है जिसमें सादेभेष में कई पुलिसकर्मी जश्न मनाते दिखे है। मामले की जांच कर रहे एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर देवता यादव और पुलिसकर्मियों के कनेक्शन की पड़ताल शुरू कर दी है। उसके मोबाइल नंबर की सीडीआर निकाली गई है। इसके साथ ही खाते से हुए ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है। सूत्र बताते हैं कि जिले से अन्य जिलों में ट्रांसफर हो चुके कई पुलिसकर्मी अभी भी देवता के संपर्क में थे। वहीं उसका पुलिस विभाग में अच्छा खासा नेटवर्क था। सूत्रों के अनुसार इस जांच के पूर्ण होने से पहले कई अन्य पुलिसकर्मियों पर भी इसकी गाज गिर सकती है। इस संबंध में एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान किसी भी पुलिसकर्मी की घनिष्ठता देवता के साथ सामने आई तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।
बुकी तक पहुंचना पुलिस के लिए होगी चुनौती
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गांव में सामने आये जुए के सिंडिकेट की असली कड़ी बुकी है। सूत्रों के अनुसार जुए के सिंडिकेट में जगह उपलब्ध कराना देवता का कार्य था बाकी जुए का खेल बुकी चलाते थे। बुकी ताश के अंदर बाहर का गेल में खेलते है । ऐसे ने इन बुकी तक पहुंचना पुलिस के लिए भी चुनौतीपूर्ण होगा । सूत्रों के अनुसर बाकी दूसरे जिलों से यहां आते थे।



