जिले में बोतल बंद पानी बनाने वाली तीन फैक्ट्रियों के उत्पादन पर रोक, पानी में मिला खतरनाक बैक्टीरिया…

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर : जिले में उत्पादित हो रहे बोतल बंद पानी के तीन ब्रांड में ई कोलाई बैक्टीरिया मिला है। जांच रिपोर्ट के अनुसार, यह पानी इंसानों के पीने लायक नहीं माना गया है। पानी में कैल्शियम और मैग्नीशियम की मात्रा भी मानक से कम मिली है। यह जांच रिपोर्ट अक्तूबर 2025 में आई थी।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने इनके लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। वा बेवरेज कंपनी के लाइसेंस को निरस्त करने की संस्तुति की गई है, इस कंपनी के पास केंद्र स्तर से जारी लाइसेंस है। गूगली नाम से मेसर्स सुरभि फूड्स, एक्वस नाम से वेजनेक्स फूड्स और टीचर नाम से बा बेवरेज कंपनी बोतल बंद पानी बाजार में बेचती है। तीनों कंपनियों की फैक्टरियों की क्षमता रोजाना 4-5 हजार बोतल बंद पानी उत्पादन की है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त कुलदीप सिंह ने बताया कि जिले में बोतल बंद पानी का उत्पादन करने के लिए 18 फैक्टरियां पंजीकृत हैं। ज्यादातर के पास राज्य स्तरीय लाइसेंस है। जून 2025 में शासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग एवं औषधि प्रशासन विभाग ने औद्योगिक नगर फेज वन, फेज टू और विसौरी स्थित फैक्ट्री में उत्पादित पानी की जांच की गई तो उसमें ई कोलाई बैक्टीरिया मिला हैं । वहीं कैल्शियम और मैग्नीशियम की मात्रा भी मानक से कम मिली है । फिलहाल दो के लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है वहीं तीसरे फर्म का लाइसेंस निरस्त करने के लिए सेंट्रल ऑथोरिटी को भेजा गया है। फैक्ट्री में पानी के उत्पादन पर भी रोक लगा दी गई है
बोतल बंद पानी की खपत
गर्मियों में बोतल बंद पानी की खपत काफी बढ़ जाती है। ऐसे में कई ब्रांडेड कंपनियां बोतल बंद पानी की आपूर्ति नहीं दे पाती हैं, जिससे लोकल ब्रांड के बोतल बंद पानी की ब्रिकी बढ़ जाती है।
ई कोलाई बैक्टीरिया होता है खतरनाक
राजकीय महिला चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एसके चतुर्वेदी ने बताया कि ई कोलाई बैक्टीरिया मनुष्यों के लिए खतरनाक होता है। यह बैक्टीरिया आंतों, पेट के अलावा पेशाब के रास्ते में संक्रमण पैदा करता है। इससे दस्त तेज होते हैं। यह बैक्टीरिया पानी के जरिये तेजी से फैलता है।



