पुलिस चौकी बनाने को लेकर हुआ विवाद, डीएम को सौंपा पत्रक
पैमाइश करने पहुंची जिला प्रशासन व पीडब्ल्यूडी की टीम को बाइक के शोरूम संचालक ने रोकने का किया प्रयास
पीडब्ल्यूडी ने बताया विभाग की जमीन, शोरूम संचालक ने रास्ता बंद होने का लगाया आरोप
सचित्र-20
संवाद न्यूज एजेंसी
पीडीडीयू नगर। पड़ाव से गोधना मोड़ तक सिक्स लेन निर्माण के दौरान चंदासी में पुलिस चौकी को स्थापित किए जाने को लेकर मंगलवार को जिला प्रशासन व पीडब्ल्यूडी की टीम चंदासी पहुंची। लेन के दक्षिणी पटरी पर स्थापित चौकी को उत्तरी पटरी पर स्थापित करने के लिए जमीन की पैमाइश शुरू होते ही समीप के एक बाइक शोरूम के संचालक ने आपत्ति दर्ज कराने लगे। इसके बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई। जिला प्रशासन व पीडब्ल्यूडी के अधिकारी जमीन की पैमाइश कर पुलिस चौकी बनाने के चिह्नांकन कर वापस लौट गई। इसके बाद शोरूम के संचालक ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और डीएम चंद्रमोहन गर्ग को पत्रक सौंपा। डीएम ने उन्हें मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। ।शोरूम के संचालक नरेंद्र पाल सिंह ने आरोप लगाया कि चंदासी के पास उनके गोदाम के सामने पुलिस चौकी बनाने के लिए दबाव बनाया जा रहा हैं। चंदासी चौकी इंचार्ज और क्षेत्रीय लेखपाल बराबर टारगेट करके प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होने बताया कि पुलिस चौकी बनने के बाद गोदाम के सामने बड़े वाहनों से माल अनलोड-अपलोड नहीं हो पाएगा। बताया कि शोरूम व गोदाम के माध्यम क्षेत्र की आर्थिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों में योगदान देते हैं। स्थानीय चौकी इंचार्ज व क्षेत्रीय लेखपाल की ओर से गोदाम के ठीक सामने पुलिस चौकी निर्माण का नया प्रस्ताव तैयार किया गया है जबकि पहले दूसरे स्थान पर पुलिस चौकी के निर्माण के लिए प्रशासन की ओर से जमीन चिह्नित की गई थी। कहा कि प्रतिष्ठान के सामने पुलिस चौकी का निर्माण करने से दुकान और रोजगार बर्बाद हो जाएगा। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के एक्सईएन राजेश कुमार ने बताया कि विभाग की जमीन पर ही पुरानी पुलिस चौकी के सामने चौकी बनाई जा रही है। इसके लिए विभाग की जमीन की पैमाइश कराई गई है। इसमें करीब 250 स्क्वायर फीट में पुलिस चौकी बनाई जाएगी।
—
अमर उजाला परिवार


