डीआरएम कार्यालय में नौकरी का झांसा, महिला के 10 लाख हड़पे; मांगने पर हत्या की धमकी

— छह साल तक नौकरी का देता रहा भरोसा, आरोपी ने खुद को डीआरएम कार्यालय में ओएस पद पर कार्यरत बताया था
NEWS GUURU पीडीडीयू नगर : डीआरएम कार्यालय में क्लर्क की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला से 10 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगा है। आरोप है कि नौकरी नहीं मिलने पर जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे जान से मरवाने की धमकी दी गई। पीड़िता की तहरीर पर अलीनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अलीनगर थाना क्षेत्र के सरेसर गांव निवासी महिला के पति की वर्ष 2013 में मृत्यु हो गई थी। तहरीर के मुताबिक, इसी दौरान उसकी मुलाकात दिनेश चंद्र ओझा से हुई। आरोप है कि दिनेश ने खुद को डीआरएम कार्यालय में ओएस पद पर कार्यरत बताते हुए महिला को क्लर्क की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। अधिकारियों से अच्छी पहचान होने का हवाला देकर उसने नौकरी के बदले 10 लाख रुपये मांगे। साथ ही नौकरी लगने के बाद पूरी रकम वापस करने का आश्वासन भी दिया।
महिला के अनुसार, 24 जून 2019 को उसके पिता ने दिनेश चंद्र ओझा और उसकी पत्नी के बैंक खातों में करीब 10 लाख रुपये जमा कराए। इसके बाद आरोपी कई वर्षों तक नौकरी लगवाने का भरोसा देता रहा, लेकिन न नौकरी मिली और न ही रकम वापस हुई।
आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगा। पांच अक्तूबर 2026 को मुगलसराय में मुलाकात के दौरान महिला ने फिर अपनी रकम मांगी तो उसे जान से मरवाने की धमकी दी गई। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी गगन राज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है ।



