अलीनगरउत्तर प्रदेशक्राइमचकियाधानापुरनौगढ़पीडीडीयू नगर

तमंचे के बल पर लूट के बाद हांफती रही चंदौली पुलिस, अलीनगर पुलिस ने बदमाशों को दबोचा…

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर। चन्दौली कोतवाली क्षेत्र बबुरी रोड पर तमंचे के बल पर जनसेवा केंद्र संचालक से नकदी भरा बैग लूटकर भागे बदमाशों की तलाश में चंदौली पुलिस हांफतीरही, लेकिन अलीनगर थाने के तीन आरक्षियों ने अपनी सक्रियता से चार आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। शनिवार सुबह हुई इस कार्रवाई ने जहां अलीनगर पुलिस की मुस्तैदी को सामने रखा, वहीं वारदात के बाद बदमाशों की तलाश में जुटी चंदौली पुलिस की शुरुआती कोशिशों पर भी सवाल खड़े किए।

पुलिस की गिरफ्त में लूट के आरोपी

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात चंदौली कोतवाली क्षेत्र के बबुरी रोड पर जनसेवा केंद्र संचालक और फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट तंजीर अहमद से तमंचे के बल पर लूट हुई थी। आरोप है कि कार सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर नकदी से भरा बैग छीन लिया। विरोध करने पर एक बदमाश ने तमंचे के बट से उनके सिर पर वार किया और गोली मारने की धमकी देते हुए साथी के साथ फरार हो गया।

लूट में इस्तेमाल कार

घटना की सूचना पर चंदौली पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू की। पुलिस को आरोपियों के कटसिला की ओर भागने की सूचना मिली। टीम ने पीछा भी किया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। इसी बीच जिले में अलर्ट के बीच अलीनगर थाने के तीन आरक्षियों ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को पकड़ लिया। बाद में उन्हें चंदौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पीड़ित : तंजीर

तीन आरक्षियों की सक्रियता से मिली अहम कामयाबी
अलीनगर थाने के आरक्षी अनुपम जायसवाल, राज मोहम्मद और अनिल यादव ने चार आरोपियों को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट के दो लाख 87 हजार 140 रुपये, सात मोबाइल फोन, एक बाइक और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद हुई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधांशु यादव निवासी छोटालालपुर, थाना लालपुर पांडेय, पियूष यादव उर्फ बाबू और मनीष यादव निवासी उमरहां, थाना चौबेपुर तथा अनुज यादव निवासी नारायणपुर, थाना चौबेपुर, वाराणसी के रूप में हुई है।

आठ आरोपी वारदात में शामिल, चार अब भी फरार
पुलिस के अनुसार, वारदात में कुल आठ आरोपियों के शामिल होने की बात सामने आई है। इनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चार अन्य अभी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

लूट की रकम को लेकर भी पीड़ित के बयान और उपलब्ध विवरण में अंतर सामने आता है। शुरुआती विवरण में बैग में छह लाख रुपये होने की बात कही गई, जबकि घटना के दूसरे विवरण में तीन लाख दो हजार 866 रुपये के साथ अन्य नकदी का उल्लेख है। पुलिस ने फिलहाल दो लाख 87 हजार 140 रुपये बरामद करने की जानकारी दी है।

पुलिस की कार्रवाई पर अब इन सवालों के जवाब जरूरी
चार आरोपियों की गिरफ्तारी निश्चित रूप से पुलिस के लिए अहम कामयाबी है, लेकिन मामला अभी खत्म नहीं हुआ है। चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी, लूटी गई पूरी रकम की बरामदगी और वारदात में प्रत्येक आरोपी की भूमिका स्पष्ट होना बाकी है। ऐसे में अलीनगर थाने के तीन आरक्षियों की सक्रियता की सराहना के साथ यह सवाल भी अहम है कि फरार आरोपियों को पकड़ने और लूट की पूरी रकम बरामद करने में पुलिस को कितनी सफलता मिलती है।

सीओ सदर नामेंद्र रावत के अनुसार, घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके चार अन्य साथी फरार हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूट के दो लाख 87 हजार 140 रुपये बरामद किए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button