मिठाई के शौकीन हो जाएं सावधान, विनायक स्वीट हाउस के कारखाने का लाइसेंस निलंबित

चहनिया में आर्य स्वीट हाउस से बर्फी और चाट के नमूने लिए गए, कई दुकानों को सुधार नोटिस
NEWS GUURU पीडीडीयू नगर । दीपावली से पहले मिठाइयों में मिलावट और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। शनिवार को चहनिया और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में विभागीय टीम ने छापेमारी कर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान कैलाशपुरी स्थित विनायक स्वीट हाउस की निर्माण इकाई में भारी गंदगी मिलने पर उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं, चहनिया के आर्य स्वीट हाउस से बर्फी और चाट के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर जिले में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने चहनिया कस्बे में आर्य स्वीट हाउस पर औचक छापेमारी की। यहां से बर्फी और चाट के नमूने एकत्र किए गए। इन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। टीम ने मिठाई बनाने वाले स्थान का भी निरीक्षण किया और संचालक को साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने की हिदायत दी।
निर्माण इकाई में मिली गंदगी, तत्काल निलंबित हुआ लाइसेंस
उधर, पीडीडीयू नगर में राज्य सचल दल की अंतर्जनपदीय टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। कैलाशपुरी स्थित विनायक स्वीट हाउस की निर्माण इकाई का निरीक्षण करने पर वहां अत्यधिक गंदगी मिली। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए टीम ने प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की।
इसके बाद सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) धीरेंद्र प्रताप सिंह ने विनायक स्वीट हाउस का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके अलावा नगर की अन्य खाद्य दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। जांच में मिली कमियों के आधार पर संबंधित दुकानदारों को सुधार नोटिस जारी किए गए हैं।
मिलावटखोरों पर रहेगी विभाग की नजर
सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि त्योहार के दौरान आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी। नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह यादव और अरविंद कुमार शामिल रहे।



