रोहिताश पाल हत्याकांड : एक साल में कोतवाल बदले, टीमें बदलीं, लेकिन नहीं बदला पुलिस का नतीजा, एक साल बाद भी सवाल वही कि कौन था हुडी वाला शूटर..?

300 कैमरों की फुटेज, 350 लोगों से पूछताछ और क्राइम ब्रांच-एसटीएफ की जांच भी नहीं दिला सकी कामयाबी, पुलिस की पहचान में आया अभिषेक उर्फ पहलवान भी पकड़ से दूर
NEWS GUURU पीडीडीयू नगर। एक हत्या, दो संदिग्ध, 300 से अधिक सीसी कैमरों की फुटेज, 350 लोगों से पूछताछ, क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की जांच। पुलिस की ओर से जांच में कोई कसर बाकी नहीं छोड़े जाने के दावे भी हुए, लेकिन नतीजा वही ढाक के तीन पात। नगर के चर्चित दवा व्यवसायी रोहिताश पाल हत्याकांड को एक साल पूरा हो गया, मगर उनके सिर में गोली मारने वाला हुडीधारी शूटर अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। विडंबना देखिए कि हत्या की साजिश रचने के आरोप में जेल भेजे गए तीनों आरोपियों को जमानत मिल चुकी है और जिस अभिषेक सिंह उर्फ पहलवान की पहचान पुलिस ने शूटर के रूप में की थी, वह भी अब तक फरार है।
इस एक साल में मुगलसराय कोतवाली की कुर्सी पर तीन प्रभारी बदल गए। जांच की जिम्मेदारी भी अलग-अलग अधिकारियों और टीमों के हाथों से गुजरी। कैमरों की फुटेज खंगाली गई, मोबाइल की सीडीआर निकाली गई और संदिग्धों से पूछताछ हुई। मगर सबसे बड़ा सवाल आज भी वहीं खड़ा है कि आखिर रोहिताश को गोली मारने वाला कौन था और पुलिस उसे कब तक गिरफ्तार कर पाएगी? शहर में आंदोलन की आवाज भले ही कमजोर पड़ गई हो, लेकिन पुलिस की जांच पर सवाल अब भी कायम हैं।
जीटी रोड पर गोली से गूंजी थी रात, एक साल बाद भी नहीं मिला जवाब
18 नवंबर 2025 की रात करीब साढ़े दस बजे पीडीडीयू नगर में जीटी रोड स्थित अपनी दुकान के बाहर रोहिताश पाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हुडी पहने एक बदमाश ने उनके सिर में गोली मारी और वारदात को अंजाम देकर धर्मशाला रोड की ओर भाग निकला। इस दुस्साहसिक वारदात ने पूरे जिले को झकझोर दिया था। मेडिकल कारोबारियों ने दुकानें बंद कर प्रदर्शन किया। हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर आक्रोश दिखा और पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव बढ़ा।
इसके बाद पुलिस ने भानू जायसवाल, ओमप्रकाश जायसवाल और मनोज जायसवाल को गिरफ्तार कर हत्या की साजिश में शामिल बताया। पुलिस ने जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया था। हालांकि, अब तीनों आरोपी जमानत पर बाहर हैं। दूसरी तरफ गोली चलाने वाले मुख्य शूटर की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है।
300 कैमरे खंगाले, दो संदिग्ध मिले, मगर हाथ खाली
हत्याकांड के बाद पुलिस ने नगर और आसपास के इलाकों में लगे 300 से अधिक सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली थी। कई फुटेज में दो संदिग्धों की गतिविधियां सामने आई थीं। इनमें एक ने हुडी पहन रखी थी, जबकि दूसरे ने चेहरे पर मफलर बांध रखा था। जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान अभिषेक सिंह उर्फ पहलवान के रूप में की।
हैरानी यह है कि पहचान सामने आने के बाद भी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। जुलाई 2026 में अभिषेक ने चंदौली न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) शशि शंकर सिंह की जिरह के बाद न्यायालय ने उसकी अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी थी। इसके बावजूद वह पुलिस की पकड़ से बाहर है। दूसरे संदिग्ध और हुडी पहने मुख्य शूटर की पहचान तो अब भी रहस्य बनी हुई है।
तीन कोतवाल आए-गए, मगर शूटर तक नहीं पहुंच सकी जांच
हत्याकांड की जांच के दौरान मुगलसराय कोतवाली में तीन प्रभारी बदल गए। वारदात के समय गगनराज सिंह कोतवाली प्रभारी थे। बाद में उन्हें हटाकर संतोष कुमार सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने घटनास्थल के आसपास के रास्तों और संभावित गतिविधियों का मैप तैयार कर जांच आगे बढ़ाई। आरोपियों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकलवाई गई और करीब 350 लोगों से पूछताछ की गई।
इसके बाद विजय प्रताप सिंह को कोतवाली की जिम्मेदारी मिली। बाद में एक विवाद के बाद उन्हें भी हटा दिया गया। वर्तमान में अर्जुन सिंह कोतवाली प्रभारी हैं और मामले की जांच कर रहे हैं।
जांच की इस लंबी कड़ी में अधिकारी बदलते रहे, लेकिन परिणाम सामने नहीं आया। अब सवाल यह है कि क्या जांच की दिशा में कोई ऐसी कड़ी छूट गई, जिसे एक साल बाद भी पुलिस जोड़ नहीं पाई है?
जमीन विवाद को बताया गया था हत्या की साजिश का आधार
तत्कालीन पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया था। पुलिस के अनुसार, रोहिताश पाल के दादा राजाराम के नाम कन्हैया टॉकीज की जमीन थी। राजाराम की दूसरी पत्नी स्वर्गीय शांति देवी की पुत्रियों प्रीती, गीता पाल, उमा पाल, निशा पाल और वीणा पाल ने कथित तौर पर फर्जी तरीके से वरासत में अपना नाम दर्ज कराकर पैतृक संपत्ति कम कीमत पर भानू जायसवाल को बेच दी थी।
पुलिस का दावा था कि भानू इस जमीन पर कब्जा करना चाहता था, लेकिन रोहिताश इसका विरोध कर रहे थे। उन्होंने बैनामे को निरस्त कराने के लिए न्यायालय में मुकदमा भी किया था। पुलिस के मुताबिक, जमीन पर कब्जा नहीं मिलने के बाद भानू ने ओमप्रकाश और मनोज से संपर्क किया। रोहिताश को डराने-धमकाने के बाद भी बात नहीं बनी तो हत्या की साजिश रची गई। इसी आधार पर तीनों को गिरफ्तार किया गया था।
हालांकि, आरोपियों को जमानत मिलने और शूटरों की गिरफ्तारी नहीं होने से हत्याकांड की पूरी तस्वीर अब तक साफ नहीं हो सकी है।
परिवार की लड़ाई जारी, 50 से अधिक पोस्ट लिखकर मांगा न्याय
मेडिकल कारोबारियों का आंदोलन धीरे-धीरे शांत हो गया, लेकिन रोहिताश के परिवार की लड़ाई थमी नहीं। उनके भाई सिद्धार्थ पाल ने भाई को न्याय दिलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाकात की। इसके बाद भी वह लगातार सोशल मीडिया पर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग उठाते रहे।
एक साल के भीतर उन्होंने फेसबुक पर 50 से अधिक मार्मिक पोस्ट लिखकर भाई को न्याय दिलाने की गुहार लगाई। परिवार के लिए कैलेंडर पर तारीखें बदल गईं, लेकिन इंतजार खत्म नहीं हुआ। शहर में आंदोलन की आवाज भले ही धीमी पड़ गई हो, मगर परिवार का सवाल आज भी वही है—रोहिताश के हत्यारे आखिर कब पकड़े जाएंगे?
पुलिस का दावा : लगातार हो रही तलाश
सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह का कहना है कि रोहिताश पाल हत्याकांड में पुलिस टीमें लगातार काम कर रही हैं। अभिषेक सिंह उर्फ पहलवान की शूटर के रूप में शिनाख्त हुई है। उसकी तलाश की जा रही है। शूटरों के पकड़े जाने के बाद मामले के सभी तथ्य सामने आ जाएंगे।



