स्वतंत्रता दिवस पर नगर में सजेगी काव्य की महफिल, 15 अगस्त को होगा कवि सम्मेलन

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की ओर से देशभक्ति और साहित्य से सराबोर ‘एक शाम देश के नाम’ कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम नगर पालिका इंटर कॉलेज परिसर स्थित वीर अब्दुल हमीद सभागार में 15 अगस्त को शाम छह बजे आयोजित होगा।

कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए कवि और शायर अपनी रचनाओं के माध्यम से देशभक्ति, सामाजिक सरोकार और हास्य-व्यंग्य की प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में आमंत्रित कविगणों में रौशन मुगलसरायवी, पूनम श्रीवास्तव, सुहेल उस्मानी, आकाश मिश्रा, मनोज मधुर और रीना तिवारी शामिल हैं।
नगर पालिका परिषद की चेयरमैन सोनू किन्नर की ओर से नगरवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कवियों की प्रस्तुतियों का आनंद लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है। आयोजकों के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित यह कार्यक्रम लोगों को देशप्रेम की भावना से जोड़ने के साथ साहित्यिक और सांस्कृतिक माहौल भी उपलब्ध कराएगा।
नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से समय पर सभागार पहुंचकर कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराने का आग्रह किया है।



