नगर पालिका के प्रकाश विभाग में बाबू राज, गलियों में अंधकार

शिकायतों का अंधेरा दूर करने में विभाग नाकाम, दीपावली और नवरात्र बीते, फिर भी नहीं जगमगाईं शहर की गलियां
NEWS GUURU पीडीडीयू नगर । सरकारी दफ्तरों में विभाग अगर बाबुओं के भरोसे चलने लगे तो व्यवस्था का भगवान ही मालिक है। नगर पालिका परिषद का प्रकाश विभाग इन दिनों कुछ इसी तर्ज पर काम कर रहा है। यहां गलियों का अंधेरा दूर होगा या नहीं, यह शिकायत की गंभीरता से ज्यादा बाबू के मूड पर निर्भर करता नजर आ रहा है। जनता शिकायत करती रहे और गलियां अंधेरे में डूबी रहें, विभाग की सेहत पर कोई खास फर्क पड़ता नहीं दिख रहा है।
विडंबना देखिए, एक तरफ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) समेत दूसरे अधिकारी छठ पर्व के मद्देनजर घाटों पर साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने में जुटे हैं, तो दूसरी तरफ शहर की गलियों में अंधेरे का साम्राज्य कायम है। पर्व विशेष पर रोशनी की व्यवस्था के लिए विभाग सक्रिय जरूर दिखता है, लेकिन आम दिनों में गलियों को रोशन करने की जिम्मेदारी मानो किसी को याद ही नहीं रहती।
शहर में हाल ही में कई बड़े त्योहार बीत चुके हैं। दीपावली से पहले नवरात्र का पर्व भी आया और चला गया, लेकिन कई मोहल्लों की गलियों में अंधेरा जस का तस बना रहा। सिंचाई विभाग कॉलोनी के पास तो पिछले कई महीनों से स्ट्रीट लाइट नहीं जल रही है। रविनगर और कैलाशपुरी की भी कई गलियां रात होते ही अंधेरे में डूब जाती हैं। स्थानीय लोगों के लिए यह कोई नई समस्या नहीं, बल्कि रोजमर्रा की परेशानी बन चुकी है।
उधर, प्रकाश विभाग की व्यवस्था देख रहे जेई का दावा है कि जिन गलियों में अंधेरा है, वहां मेंटेनेंस का काम कराया जा रहा है। सवाल यह है कि जब मेंटेनेंस लगातार हो रहा है तो गलियों का अंधेरा छंट क्यों नहीं रहा? क्या विभाग की फाइलों में ही शहर जगमगा रहा है या फिर जिम्मेदारों को जमीनी हकीकत देखने की फुर्सत नहीं है?
सवाल सीधा है कि नगर पालिका में प्रकाश विभाग जनता की शिकायतों से चलेगा या बाबुओं की मर्जी से? त्योहारों पर घाटों को रोशन करना अच्छी बात है, लेकिन शहर की गलियों को भी रोशनी चाहिए। आखिर आम नागरिकों को भी सुरक्षित रास्ते पर चलने का हक है।



