डीडीयू जंक्शन पर दिखा ‘सुपर बकरा’, 160 किलो वजन देख लोगों की फटी रह गई आंखें

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर : बकरीद आते ही बाजारों में बकरों की रौनक बढ़ जाती है, लेकिन मुगलसराय में इन दिनों एक ऐसा बकरा लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बना हुआ है, जिसे देखकर हर कोई बस एक ही बात कह रहा है — “इतना बड़ा बकरा पहले कभी नहीं देखा!”
करीब 5 से 6 फुट लंबा और 160 किलो से ज्यादा वजन वाला यह विशालकाय बकरा लोगों को अपनी ओर खींच रहा है। स्टेशन हो या मोहल्ला, जहां से भी यह गुजरता है, लोग रुककर उसे देखने लगते हैं। बच्चे उसके साथ सेल्फी ले रहे हैं तो बड़े उसकी कीमत और खानपान के बारे में पूछते नजर आ रहे हैं।

100 किलो से 160 किलो तक का सफर
बकरे के मालिक जैद अहमद बताते हैं कि जब उन्होंने इसे खरीदा था, तब इसका वजन करीब 100 किलो था। पिछले 11 महीनों से खास देखभाल, पौष्टिक आहार और बेहतर पालन-पोषण के कारण अब इसका वजन 160 किलो के पार पहुंच चुका है।

जैद के मुताबिक,
“इस बकरे को हमने बिल्कुल परिवार के सदस्य की तरह रखा। हरी घास, चना, दाना और खास आहार दिया गया, तभी इसका इतना शानदार शरीर तैयार हुआ।”
हर महीने हजारों का खर्च
इस खास बकरे की देखभाल में हर महीने करीब 5 हजार रुपये खर्च हुए। यानी अब तक लगभग 55 हजार रुपये सिर्फ इसके खानपान और देखभाल पर लगाए जा चुके हैं।
ट्रेन से पहुंचा डीडीयू जंक्शन
सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस बकरे को सुरक्षित तरीके से डीडीयू जंक्शन तक लाने में रेलवे प्रशासन ने भी मदद की। जैद के भाई रेलवे में टीटी हैं, इसलिए रेलवे स्टाफ ने भी पूरा सहयोग किया।
देखने उमड़ रही भीड़
बकरीद नजदीक आते ही इस विशालकाय बकरे को देखने वालों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोग इसे इलाके का सबसे बड़ा और अनोखा बकरा बता रहे हैं। फिलहाल यह बकरा मुगलसराय में आकर्षण और चर्चा का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है।



