VDA का बड़ा एक्शन: मुगलसराय में 11 कोचिंग संस्थान और लाइब्रेरी सील, नियमों की अनदेखी पड़ी भारी

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर : वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने भवन मानकों और मानचित्र स्वीकृति नियमों के उल्लंघन पर मुगलसराय में संचालित 11 कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। बुधवार को चली इस कार्रवाई से कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया।
वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा के निर्देश पर अवैध रूप से संचालित कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कई संस्थान बिना स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अनुमतियों के संचालित होते पाए गए। इसके अलावा भवन सुरक्षा और अन्य मानकों के पालन में भी अनियमितताएं सामने आईं।
पीडीडीयू नगर में इन संस्थानों पर हुई कार्रवाई
वीडीए की ओर से मुगलसराय क्षेत्र में निम्न संस्थानों को सील किया गया—
टॉपर विजन एकेडमी (नई बस्ती)
राय एकेडमी (पटेल नगर)
स्टार इंस्टीट्यूट (रवि नगर)
एसएएस लाइब्रेरी (कैलाशपुरी)
पाठक इकोनॉमिक्स प्वाइंट (कैलाशपुरी)
अमेरिकन कोचिंग (कैलाशपुरी)
सीबीएस कोचिंग (कैलाशपुरी)
कॉमर्स एकेडमी (कैलाशपुरी)
द मास्टर क्लास एकेडमी (कैलाशपुरी)
महेंद्रा कोचिंग (नई बस्ती)
गुरुद्वारा क्षेत्र स्थित एक अन्य संस्थान
नियमों का पालन नहीं करने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई
उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भवन मानकों, अग्निशमन सुरक्षा नियमों तथा प्राधिकरण से प्राप्त स्वीकृतियों के अनुरूप ही संचालन करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।



