आजादी के जश्न के बीच रक्तदान का संकल्प, रीबॉर्न ट्रस्ट के अभियान में 20 ने किया रक्तदान

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर । स्वतंत्रता दिवस और रीबॉर्न ट्रस्ट के प्रथम स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को रविनगर स्थित एक विद्यालय में ब्लड डोनेशन एवं अवेयरनेस ड्राइव का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंदों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में योगदान देना रहा।इस मौके पर 20 लोगों ने रक्तदान किया

रीबॉर्न ट्रस्ट पिछले एक वर्ष से सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय है। इसी क्रम में आयोजित इस रक्तदान अभियान में करीब 28 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया, जबकि 20 लोगों ने रक्तदान कर इस जनसेवा अभियान में अपना योगदान दिया। रक्तदाताओं ने उत्साह के साथ अभियान में भाग लिया और अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया।

सामाजिक कार्यकर्ता एवं रीबॉर्न ट्रस्ट के फाउंडर व ट्रस्टी सतनाम सिंह ने उपस्थित लोगों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी हमें अधिकारों के साथ-साथ समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की प्रेरणा भी देती है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में आगे आने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए योगदान देने की अपील की।

अतिथियों में सुभाष तुलस्यान, निलेश बरनवाल और डिम्पल सिंह समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के वॉलंटियर्स विष्णु जैस, तनवीर अंसारी, अजहर अंसारी, आशुतोष सिंह, प्रिया जैस, नितेश जैस, श्रद्धा कुमारी, अमनदीप कौर, योगेन्द्र देव सिंह, महिमा पाहवा और अफजल अंसारी सहित अन्य स्वयंसेवक मौजूद रहे।
वॉलंटियर्स ने रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाई। रीबॉर्न ट्रस्ट ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, वॉलंटियर्स एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए रक्तदान और जागरूकता की मुहिम को आगे भी जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।



