शब्दों में शौर्य, कविताओं में हिंदुस्तान, शहीदों को समर्पित रहा नगर पालिका को ओर से आयोजित कवि सम्मेलन

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के तत्वावधान में नगर पालिका इंटर कॉलेज परिसर स्थित वीर अब्दुल हमीद सभागार में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कवि सम्मेलन में जनपद सहित बाहर से आए कवि और शायरों ने देर रात तक अपनी रचनाओं से श्रोताओं को देशभक्ति के रंग में सराबोर किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सोनू किन्नर, मुख्य अतिथि पूर्व वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी दिनेश चंद्र और कॉलेज के प्रधानाचार्य राजीव कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।

कवि सम्मेलन की शुरुआत मिर्जापुर से आईं प्रसिद्ध कवयित्री पूनम श्रीवास्तव की सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद चकिया के प्रसिद्ध गीतकार मनोज मधुर ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर सभागार में राष्ट्रप्रेम का माहौल बना दिया। शहीदों को समर्पित अपनी पंक्तियों के माध्यम से उन्होंने कहा कि देश के लिए मर मिटना ही सच्चा गौरव है।

नगर की प्रसिद्ध कवयित्री रीना तिवारी ने “स्वर्ग से भी बढ़कर हमारा चमन, यह हमारा वतन…” सुनाकर देश के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। वहीं जनपद के अंतरराष्ट्रीय शायर सुहैल उस्मानी ने अपनी शायरी से कार्यक्रम को एक अलग रंग दिया।
प्रसिद्ध कवयित्री पूनम श्रीवास्तव ने “कलम उठी तो जंग लिख दूंगी, अपने झंडे का रंग लिख दूंगी” सुनाकर श्रोताओं में जोश भर दिया। युवा कवि सुरेश अकेला ने “जान देकर हिफाजत करेंगे सदा, जान से भी है प्यार हमारा वतन” प्रस्तुत कर देशभक्ति का जज्बा जगाया।

उस्ताद शायर रौशन मुगलसरायवी ने “यह मेरा दिल है और यही मेरी जान है, फक्र जिस पर मुझको वह हिंदुस्तान है” के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। नगर के युवा शायर आकाश मिश्र ने भारत की एकता और देशभक्ति को समर्पित रचना प्रस्तुत की। वहीं भदोही से आए प्रसिद्ध शायर कैसर परवेज ने “यही ईमान है मेरा, यही ईमान रखते हैं, हम अपने दिल के अंदर हिंदुस्तान रखते हैं” सुनाकर खूब वाहवाही बटोरी।

कवि सम्मेलन के दौरान श्रोताओं ने तालियों और वाहवाही के साथ कवियों का उत्साह बढ़ाया। देशभक्ति, शौर्य और राष्ट्रीय एकता से ओत-प्रोत रचनाओं ने देर रात तक सभागार को जीवंत बनाए रखा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सभासद पारस यादव, अमित खरवार, चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद अली, फिरोज, डॉ. भारत भूषण यादव, डॉ. विनय वर्मा, हरबंश सिंह, शमीम मिल्की, सैयद सरफराज पहलवान, वसीम खान, हाजी इलियास, राकेश कनौजिया, संजय राय, संजय शर्मा, डॉ. रवि, महेंद्र कुमार, अनिता कुशवाहा, शालिनी शर्मा, मैक मोहन यादव, डॉ. दिनेश, अरुण कुमार, डॉ. संध्या यादव, विनोद और जय प्रकाश सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रौशन मुगलसरायवी ने की, जबकि संयोजन एवं संचालन डॉ. सुरेश अकेला ने किया।



