
— डीडीयू जंक्शन पर 43 लाख रुपये बरामद, हवाला कनेक्शन की जांच तेज
—सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस में बैग लेकर सफर कर रहा था युवक, पटना से दिल्ली जा रही थी नकदी
NEWS GUURU पीडीडीयू नगर। पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की है। सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस की जांच के दौरान जनरल कोच में सफर कर रहे एक युवक के बैग से 43 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को रकम के हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका है। बाद में जीआरपी ने इसकी सूचना इनकम टैक्स विभाग को दी और आगे की कार्रवाई में जुट गई ।

सीओ जीआरपी कुंवर प्रभात सिंह ने बताया गया कि सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस प्लेटफार्म संख्या सात पर पहुंची थी। इसी दौरान आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने ट्रेन में चेकिंग शुरू की। जांच के दौरान एक युवक के बैग पर पुलिस की नजर पड़ी। बैग की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। रकम की गिनती कराने पर कुल 43 लाख रुपये मिले। पकड़े गए युवक की पहचान आलोक शाह निवासी गायघाट, मुजफ्फरपुर, बिहार के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि वह रकम पटना से नई दिल्ली लेकर जा रहा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवक से इतनी बड़ी रकम के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वह नकदी के स्रोत और इसके वास्तविक उपयोग को लेकर संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका।

दस लाख रुपये पर मिलता था दस हजार कमीशन
सीओ जीआरपी कुंवर प्रभात सिंह के अनुसार, पूछताछ में युवक ने बताया कि उसे नकदी पहुंचाने के बदले कमीशन मिलता था। करीब दस लाख रुपये की रकम पहुंचाने पर दस हजार रुपये कमीशन दिए जाने की बात सामने आई है। इससे पुलिस को आशंका है कि युवक किसी बड़े नेटवर्क के लिए नकदी पहुंचाने का काम कर रहा था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद रकम किसकी है और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही नकदी के स्रोत और इसके हवाला कारोबार से संबंध की भी जांच की जा रही है। हालांकि पूछताछ में पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर सकी है कि युवक इससे पहले कितनी बार नकदी की खेप एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचा चुका है।
हवाला नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
43 लाख रुपये की बरामदगी के बाद जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। पुलिस युवक के मोबाइल फोन, संपर्कों और रकम से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि पटना से दिल्ली तक नकदी पहुंचाने के पीछे कौन लोग हैं और इस पूरे मामले में युवक की भूमिका क्या है।
फिलहाल बरामद नकदी को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि रकम वास्तव में हवाला कारोबार से जुड़ी है या इसके पीछे कोई अन्य वित्तीय लेनदेन है।



