अलीनगरउत्तर प्रदेशक्राइमचकियाचंदौलीटॉप स्टोरीजधानापुरनौगढ़पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर

कॉलेज परिसर के कमरे में मिला अस्पतालकर्मी का शव, मौत की गुत्थी उलझी

मंगलवार को ड्यूटी के लिए घर से निकला था युवक, रातभर परिजन करते रहे तलाश; मुंह से झाग और नाक से निकल रहा था खून

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर। शहाबगंज थाना क्षेत्र के कनेरा गांव निवासी अस्पतालकर्मी पंकज चौबे (32) का शव बुधवार सुबह पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय परिसर स्थित एक कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मंगलवार को ड्यूटी के लिए घर से निकले पंकज रातभर घर नहीं लौटे तो परिजन उनकी तलाश में जुटे रहे। सुबह कॉलेज परिसर में उनका शव मिलने की सूचना पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने कमरे को सील कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

file photo –  पंकज चौबे

कनेरा गांव निवासी भरत चौबे वर्तमान में परिवार के साथ डांडी गांव में रहते हैं। उनका बेटा पंकज पीडीडीयू नगर स्थित एक अस्पताल में काम करता था। पिता के मुताबिक, मंगलवार सुबह पंकज रोज की तरह ड्यूटी के लिए घर से निकला था। रात करीब आठ बजे उसने अपनी मां को फोन कर घर आने की बात कही थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा।

इसी बीच देर रात पंकज के मित्र आकाश ने उनके दामाद को फोन कर बताया कि दोस्तों की पार्टी थी। देर रात होने के कारण पंकज सुबह घर आएगा। बुधवार सुबह आकाश ने भरत चौबे को फोन कर पंकज की तबीयत खराब होने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन कुछ लोगों के साथ विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय पहुंचे। वहां एक कमरे में पंकज बेसुध अवस्था में पड़ा था। परिजनों के अनुसार, उसके मुंह से झाग और नाक से खून निकल रहा था। हाथ में भी चोट के निशान थे।

परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे को सील कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस संबंध में मुगलसराय कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि मृतक के पिता के प्रार्थना पत्र के आधार पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button