वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आरपी सिंह भाजपा में शामिल, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने दिलाई सदस्यता

गोधना में आयोजित प्रबुद्ध जनसंवाद कार्यक्रम में अंगवस्त्रम पहनाकर किया स्वागत, समाज के विकास में बुद्धिजीवियों की भूमिका पर हुई चर्चा
पीडीडीयू नगर। लोको मंडलीय चिकित्सालय में तैनात रहे वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आरपी सिंह ने बुधवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। नगर से सटे गोधना स्थित दी पार्क ग्रीन होटल में आयोजित प्रबुद्ध जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने उन्हें अंगवस्त्रम पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान राज्यमंत्री ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में वर्तमान परिप्रेक्ष्य में प्रबुद्धजनों की भूमिका विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें समाज के विकास, शिक्षा, रोजगार सृजन और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में बुद्धिजीवी वर्ग की भूमिका पर विचार रखे गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि प्रबुद्धजनों के बिना समाज और देश का विकास संभव नहीं है। बुद्धिजीवी वर्ग में समाज को बदलने की क्षमता होती है। देश में समय-समय पर हुई विभिन्न क्रांतियों में प्रबुद्धजनों की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में भी उन्हें अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। विकास तभी संभव है, जब समाज का हर वर्ग इसमें सहयोग करे। कोई भी सरकार प्रबुद्धजनों के सहयोग के बिना विकास की कल्पना नहीं कर सकती।

विषय प्रवर्तन करते हुए डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि शिक्षा और ज्ञान प्राप्त करने के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझना भी जरूरी है। समाज ने हमें शिक्षा और उन्नति के अवसर दिए हैं। ऐसे में यह भी विचार करना चाहिए कि हम समाज को क्या लौटा रहे हैं। एक शिक्षक बेहतर भविष्य की नींव रखता है। अपने कार्यक्षेत्र में दक्षता हासिल कर ज्ञान और अनुभव का लाभ समाज तक पहुंचाने वाले लोग ही वास्तविक अर्थों में प्रबुद्धजन हैं। समाज में विवेकशीलता बढ़ाना और सही सूचनाओं को लोगों तक पहुंचाना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अजय ने कहा कि प्रबुद्धजन वही हैं, जो बिना किसी भय के अपने विवेक और सिद्धांतों के आधार पर निर्णय लेते हैं और समाजहित में अपनी बात रखते हैं। संवाद की कमी से समाज को नुकसान उठाना पड़ता है। इसलिए प्रबुद्ध वर्ग को समाज के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना चाहिए।
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि अशोक चौरसिया, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, राणा प्रताप सिंह, डब्लू राय, चंद्रेश्वर जायसवाल और विकास शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन डॉ. अनिल यादव ने किया।



