दुकानों से शराब जुटी, आबकारी बेखबर! पुलिस ने पकड़ा 1070 लीटर का जखीरा

— लाइसेंसी दुकानों से शराब एकत्र कर कैली रोड के मकान में किया गया था भंडारण, आबकारी विभाग की निगरानी पर उठे सवाल
NEWS GUURU चंदौली। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग की निगरानी कितनी प्रभावी है, इसका अंदाजा कैली रोड पर हुई पुलिस कार्रवाई से लगाया जा सकता है। लाइसेंसी शराब की दुकानों से शराब एकत्र कर एक मकान में बड़े पैमाने पर भंडारण किया जा रहा था, लेकिन इसकी भनक आबकारी विभाग को लगी या नहीं, यह बड़ा सवाल है। दूसरी ओर, कोतवाली पुलिस ने बुधवार सुबह छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारित 1070 लीटर शराब बरामद करते हुए इस कारोबार का पर्दाफाश किया। मौके से 10 पुरुष, दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। वहीं दो किशोरों को अभिरक्षा में लिया गया ।

पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार की सुबह करीब 6:10 बजे कैली रोड स्थित आकाश तिवारी के मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से 1070 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 26,570 रुपये नकद भी जब्त किए।
लाइसेंसी दुकानों से शराब जुटाने का मामला
इस मामले में सबसे अहम पहलू यह है कि बरामद शराब लाइसेंसी दुकानों से एकत्र किए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में सवाल उठता है कि दुकानों से इतनी बड़ी मात्रा में शराब एकत्र होकर अवैध भंडारण तक कैसे पहुंची? क्या आबकारी विभाग के स्थानीय अधिकारियों और कर्मचारियों को इसकी जानकारी नहीं थी? यदि जानकारी नहीं थी तो विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। वहीं, यदि जानकारी थी तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
पुलिस की इस कार्रवाई ने आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था को भी सवालों के घेरे में ला दिया है। अब यह देखना अहम होगा कि आबकारी विभाग इस पूरे नेटवर्क की जांच कर शराब की आपूर्ति करने वाली दुकानों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका सामने लाता है या मामला केवल बरामदगी और गिरफ्तारी तक ही सीमित रह जाता है।
14 लोगों के खिलाफ कार्रवाई
पुलिस ने बलवन गुप्ता, पंकज कुमार, मनोज कुमार, सचिन कुमार, अब्दुल अंसारी, बाबू लाल कुमार, मनोज सिंह, उदय कुमार, सुबोध और कैलाश मंडल समेत 10 पुरुषों को पकड़ा है। इसके अलावा दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया है और दो किशोरों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। गिरफ्तार और हिरासत में लिए गए लोगों में चंदौली के अलावा बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मची है। अब आबकारी विभाग की जवाबदेही तय होना भी जरूरी है, क्योंकि लाइसेंसी दुकानों से शराब निकलकर अवैध भंडारण तक पहुंच जाए और निगरानी तंत्र को इसकी भनक तक न लगे तो विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।



