मुगलसराय पुलिस का डबल एक्शन: 1.25 करोड़ का गांजा और 2.31 करोड़ की शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

— 24 घंटे में दो बड़े खुलासे, उड़ीसा से गांजा और पंजाब से शराब की खेप बिहार पहुंचने से पहले पकड़ी गई
NEWS GUURU चन्दौली : मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने एसटीएफ, स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर अंतरराज्यीय मादक पदार्थ एवं शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। अलग-अलग अभियानों में कुल 501.380 किलोग्राम गांजा तथा 8222.8 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार करते हुए तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को खंगालना शुरू कर दिया है।

पहली कार्रवाई में मुगलसराय पुलिस और एसटीएफ वाराणसी की संयुक्त टीम ने पराग डेयरी के पास कटरिया अंडरपास के समीप घेराबंदी कर ट्रक संख्या BR24GD8352 को पकड़ा। जांच में लोहे के एंगल और मसालों के बीच छिपाकर रखी गई 20 बोरियों से 501.380 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 1.25 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

मामले में बिहार के रोहतास जनपद निवासी सुरेन्द्र सिंह यादव और राजकुमार यादव को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि गांजा उड़ीसा के बौध जनपद से लाकर वाराणसी एवं पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी।
वहीं दूसरी कार्रवाई में थाना मुगलसराय पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने मिल्कीपुर-ताहिरपुर हाईवे पर चेकिंग के दौरान ट्रक संख्या JK02BP1812 को पकड़ा। ट्रक में आलू की बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई 925 पेटियों में कुल 8222.8 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब पर “For Sale in Punjab Only” अंकित था और इसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.31 करोड़ रुपये बताई गई है।
इस मामले में जम्मू निवासी ट्रक चालक मो. जबीर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि शराब पंजाब से बिहार पहुंचाने के लिए उसे ट्रक चलाने का जिम्मा दिया गया था।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हुई इन दोनों बड़ी कार्रवाइयों को पूर्वांचल में सक्रिय अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दोनों मामलों में मुगलसराय कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट एवं आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।



