अलीनगरउत्तर प्रदेशचकियाधानापुरनौगढ़पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर

नगर पालिका परिसर में ओवरहेड टैंक की सफाई के दौरान करंट लगने से मजदूर की मौत

मड पंप चालू करते समय हुआ हादसा, अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर। नगर पालिका परिसर स्थित ओवरहेड टैंक की सफाई के दौरान रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। पानी निकालने के लिए लगाए गए मड पंप को चालू करते समय एक मजदूर करंट की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। साथ काम कर रहे मजदूर आनन-फानन में उसे राजकीय महिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ठेकेदार के माध्यम से चल रहा था सफाई का काम

नगर पालिका की ओर से समय-समय पर ठेका प्रथा के तहत ओवरहेड टैंकों की सफाई कराई जाती है। रविवार को भी नगर पालिका परिसर स्थित ओवरहेड टैंक की सफाई का काम ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा था। अलीनगर थाना क्षेत्र के सदलपुरा ग्रामसभा के घोड़सार गांव निवासी राजेश कुमार (47) अपने साथियों के साथ टैंक की सफाई कर रहा था।

सफाई के दौरान टैंक से पानी निकालने के लिए लगाए गए मड पंप को चालू करने के लिए राजेश ने जैसे ही स्विच को छुआ, वह करंट की चपेट में आ गया। तेज झटका लगने से वह वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा। साथ काम कर रहे मजदूरों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार में मचा कोहराम

राजेश की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी चमेला देवी, पुत्र प्रिंस कुमार और रविकांत तथा पुत्री रितु मौके पर पहुंचीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना के बाद नगर पालिका परिसर में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

सूचना मिलने के बाद मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि ओवरहेड टैंक की सफाई के दौरान करंट लगने से मजदूर की मौत का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button