मैट पर भारत का महाविजय, चंदौली के कृष्णकांत यादव ने एशिया में मनवाया लोहा

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर: चंदौली जिले के सराय छोटू गांव के रहने वाले अंतरराष्ट्रीय पहलवान एवं एशियाई मेडलिस्ट कृष्णकांत यादव ने वियतनाम में भारतीय कुश्ती का डंका बजा दिया। उनके नेतृत्व में भारतीय ग्रीको रोमन टीम ने अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में पहली बार 8 पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया।

21 से 28 मई तक आयोजित प्रतियोगिता में कृष्णकांत यादव भारतीय टीम के ग्रीको रोमन कोच थे। उनके मार्गदर्शन में भारतीय पहलवानों ने मैट पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण, 2 रजत और 5 कांस्य पदक अपने नाम किए।
63 किलोग्राम वर्ग में सुमित ने गोल्ड मेडल जीतकर भारत को गौरवान्वित किया। वहीं सूरज और सागर सिंह ने सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। नीरज पटेल, सचिन, रोहित बुरा, रोहित और हरदीप ने कांस्य पदक जीतकर भारत की झोली मेडल से भर दी। कृष्णकांत यादव ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण ने यह ऐतिहासिक सफलता दिलाई है। उन्होंने कहा कि भारतीय ग्रीको रोमन कुश्ती अब एशिया में नई पहचान बना रही है।
पहली बार बना रिकॉर्ड
भारतीय ग्रीको रोमन टीम ने अंडर-23 एशियाई चैंपियनशिप में पहली बार 8 पदक जीतकर अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इससे पहले भारत कभी इतनी बड़ी संख्या में मेडल नहीं जीत पाया था।
चंदौली में खुशी की लहर
कृष्णकांत यादव की इस उपलब्धि के बाद सराय छोटू गांव और पूरे जिले में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई और इसे जिले के लिए गौरव का पल बताया।
खास बातें
वियतनाम में 21 से 28 मई तक हुई प्रतियोगिता
भारतीय टीम ने जीते कुल 8 पदक
ग्रीको रोमन वर्ग में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन
सराय छोटू गांव के कृष्णकांत यादव थे टीम के कोच
1 गोल्ड, 2 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल भारत के नाम



