काली मंदिर हादसा : मृतक मजदूर के घर पहुंचे एसडीएम, पांच लाख की आर्थिक सहायता का आश्वासन

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में काली मंदिर का शिखर गिरने से जान गंवाने वाले मजदूर बलदेव यादव के परिवार से रविवार को एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना ने मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता और अन्य योजनाओं की जानकारी दी।

गौरतलब है कि शुक्रवार की रात काली मंदिर को हटाने के दौरान उसका शिखर अचानक भरभराकर गिर गया था। इसकी चपेट में आने से एपको कंपनी में कार्यरत 58 वर्षीय मजदूर बलदेव यादव की मौके पर ही मौत हो गई थी। वह पड़ाव से गोधना मोड़ तक बन रही सड़क परियोजना में कार्यरत थे।

रविवार को एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव सरकारी मदद का भरोसा दिया। उन्होंने बताया कि बलदेव यादव के परिवार को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता (बीमा) योजना के तहत पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा श्रम विभाग की योजनाओं के तहत करीब दो लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
एसडीएम ने बताया कि मृतक की पत्नी विमली देवी को विधवा पेंशन योजना का लाभ भी दिलाया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए, ताकि परिजनों को समय पर सहायता मिल सके।
शुक्रवार रात हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों ने प्रशासन से सभी सहायता जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है।



