संघ से जुड़े सांस्कृतिक संगठन के प्रांत उपाध्यक्ष ने कराया नए दल का कार्यक्रम, सियासी चर्चाएं तेज!

संघ परिवार से वैचारिक जुड़ाव रखने वाले संगठन संस्कार भारती के प्रांत अध्यक्ष ने कराया कार्यक्रम, क्या 2027 में मुगलसराय विधानसभा से बन सकते हैं जननीति भारत का चेहरा?
NEWS GUURU पीडीडीयू नगर । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में सियासी हलचल तेज होने लगी है। अभी चुनाव में समय है, लेकिन नए राजनीतिक दलों की सक्रियता और स्थानीय स्तर पर हो रही बैठकों ने संभावित राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में जननीति भारत पार्टी की प्रमुख और पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के पीडीडीयू नगर में आयोजित कार्यक्रम ने स्थानीय राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।

खास बात यह रही कि इस कार्यक्रम का आयोजन नगर के प्रमुख व्यवसायी सतीश जिंदल की ओर से किया गया। सतीश जिंदल संस्कार भारती के प्रांत उपाध्यक्ष हैं। संस्कार भारती को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से वैचारिक और संगठनात्मक जुड़ाव रखने वाले सांस्कृतिक संगठनों में गिना जाता है। ऐसे में संघ परिवार से वैचारिक जुड़ाव रखने वाले संगठन के एक प्रांतीय पदाधिकारी की ओर से नए राजनीतिक दल के कार्यक्रम की मेजबानी को स्थानीय राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
क्या भाजपा के सामने खड़ी हो सकती है नई चुनौती?
इस पूरे घटनाक्रम के राजनीतिक मायने इसलिए भी निकाले जा रहे हैं, क्योंकि सतीश जिंदल मारवाड़ी समाज से आते हैं। मुगलसराय और चंदौली जिले की राजनीति में मारवाड़ी समाज को भाजपा का परंपरागत समर्थक वर्ग माना जाता रहा है। ऐसे में यदि सतीश जिंदल भविष्य में जननीति भारत पार्टी के साथ सक्रिय राजनीतिक भूमिका में नजर आते हैं या विधानसभा चुनाव में पार्टी का चेहरा बनते हैं तो इसका असर स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर पड़ सकता है।
हालांकि, बातचीत में सतीश जिंदल ने बताया कि फिलहाल चुनाव लड़ने का उनका कोई इरादा नहीं है लेकिन जननीति भारत पार्टी की ओर से उन्हें विधानसभा चुनाव का कैंडिडेट बनाया जाता है तो उस पर वो जरूर विवार करेंगे ।
कार्यक्रम में जुटे कई प्रमुख कारोबारी
नगर में आयोजित इस कार्यक्रम में केवल एक-दो लोगों की मौजूदगी नहीं रही, बल्कि कई प्रमुख व्यवसायी भी शामिल हुए। इससे कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं। सवाल यह भी है कि क्या जननीति भारत पार्टी मुगलसराय में अपना संगठनात्मक आधार तैयार करने की कोशिश कर रही है और क्या स्थानीय कारोबारी वर्ग का एक हिस्सा इस नई राजनीतिक पहल से जुड़ सकता है?
फिलहाल इस आयोजन को किसी बड़े राजनीतिक बदलाव का संकेत मानना जल्दबाजी होगी, लेकिन चुनाव से पहले एक नए राजनीतिक दल के कार्यक्रम का आयोजन नगर के प्रभावशाली कारोबारी की ओर से किया जाना निश्चित रूप से चर्चा का विषय है।



