अलीनगरउत्तर प्रदेशक्राइमचकियाचंदौलीनौगढ़पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगरप्रशासनिक

पहला दिन, पहला अभ्यास और आखिरी सफर… 14 वर्षीय आरूष की मौत से हर आंख नम

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर । क्रिकेटर बनने का सपना लेकर सोमवार को पहली बार क्रिकेट एकेडमी पहुंचे 14 वर्षीय आरूष यादव की घर लौटते समय सड़क हादसे में मौत हो गई। चौबेपुर थाना क्षेत्र के बभनपुरा गंगापुल पर सोमवार रात करीब आठ बजे कार की टक्कर से बाइक सवार आरूष उछलकर अर्द्धनिर्मित पुल के पिलर से टकरा गया। सीने में सरिया धंसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उसके पिता विकास यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।

file photo – aarush yadav

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के गांधीनगर स्थित अध्यापक कालोनी का रहने वाला आरूष यादव हिनौली स्थित सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा आठ का छात्र था। हाल ही में उसका हरहुआ स्थित क्रिकेट एकेडमी में चयन हुआ था। सोमवार को वह पहले दिन अभ्यास के लिए अपने पिता के साथ एकेडमी गया था। शाम को लौटते समय बभनपुरा गंगापुल पर तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि आरूष अर्द्धनिर्मित पुल के पिलर की ओर जा गिरा और सरिया लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

आरूष की मां संगीता देवी एक निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं। उन्होंने बताया कि बेटा क्रिकेट को लेकर बेहद उत्साहित था और भविष्य में अच्छा खिलाड़ी बनना चाहता था। एकेडमी के पहले दिन ही हुई इस दुर्घटना ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं।

आरूष परिवार का इकलौता बेटा था। पिता अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं, जबकि घर में मातम पसरा है। मंगलवार शाम परिजनों ने नम आंखों से उसका अंतिम संस्कार किया। मोहल्ले और स्कूल में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।

यह हादसा एक बार फिर निर्माणाधीन पुलों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होती तो हादसे की गंभीरता कम हो सकती थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button