मां की पुण्यतिथि पर चेयरमैन सोनू किन्नर ने 300 जरूरतमंदों में बांटे कंबल, कराया भोजन

कालीमहाल की दलित बस्ती में आयोजित हुआ कार्यक्रम, मां श्यामा देवी को श्रद्धासुमन अर्पित कर जरूरतमंदों की सेवा का लिया संकल्प
NEWS GUURU पीडीडीयू नगर। नगर पालिका परिषद पीडीडीयू नगर की चेयरमैन सोनू किन्नर ने अपनी मां श्यामा देवी की दूसरी पुण्यतिथि पर जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर नगर के कालीमहाल वार्ड स्थित दलित बस्ती में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 300 जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। इसके साथ ही सभी को भोजन भी कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन सोनू किन्नर ने अपनी मां को याद करते हुए कहा कि मां का स्थान जीवन में सबसे ऊंचा होता है। मां श्यामा देवी ने उन्हें हमेशा जरूरतमंदों की मदद करने और समाज के हर वर्ग के लोगों के साथ मिलकर चलने की सीख दी थी। उनकी पुण्यतिथि पर जरूरतमंदों की सेवा करना मां के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
उन्होंने कहा, “मां भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके संस्कार और उनकी दी हुई सीख हमेशा मेरे साथ हैं। उनकी यादों को जीवंत रखने का सबसे अच्छा तरीका यही है कि हम जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाएं और उनकी मदद करें। गरीबों और असहाय लोगों की सेवा का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।”
इस दौरान जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण और भोजन की व्यवस्था कर चेयरमैन ने अपनी मां की स्मृति को सेवा और संवेदना के साथ याद किया। इस मौके पर चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद अली, शमीम मिल्की, गोविंद आदि लोग उपस्थित रहे।



