बंद पड़े मकान को चोरों ने बनाया निशाना, 50 लाख के आभूषणों पर हाथ किया साफ

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर : मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दुलहीपुर स्थित सतपोखरी की मनोहर नगर कॉलोनी में बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर चोरों ने 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया । घटना की जानकारी सोमवार सुबह होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

मनोहरपुर कालोनी निवासी असदुल्लाह फरीदी (65), सेवानिवृत्त कर्मचारी, अपने परिवार के साथ बेटे का जन्मदिन मनाने के लिए लखनऊ गए हुए थे। घर में ताला बंद था। इसी दौरान देर रात अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर मकान में प्रवेश किया। इसके बाद एक कमरे का ताला तोड़कर अलमारियों में रखे सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। सोमवार की सुबह घर में काम करने वाली लक्ष्मीना (40) जब मकान पर पहुंचीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उन्हें संदेह हुआ। अंदर जाकर देखा तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली थीं। उन्होंने तत्काल पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर यूपी-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद मकान मालिक को भी घटना की जानकारी दी गई, जो लखनऊ से वापस पहुंचने के बाद पुलिस की मौजूदगी में घर का निरीक्षण कराया। बताया गया कि मकान में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे, जिससे चोरों को वारदात अंजाम देने में आसानी हुई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है।



