
NEWS GURU पीडीडीयू नगर : मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ईस्टर्न बाजार स्थित नगर पालिका इंटर कालेज के पास रविवार की दोपहर दिनदहाड़े उचक्कों ने एक वृद्ध महिला को अपना शिकार बनाया । वृद्धा को नशीला पदार्थ सुंघाकर उचक्के उनका मंगल सूत्र समेत अन्य जेवरात, मोबाइल और पांच हजार रूपये नगदी लेकर फरार हो गए । घटना के बाद पीड़ित के परिवार वालों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी । आसपास लगे सीसी कैमरों की मदद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है ।
मुग्सलराय कोतवाली क्षेत्र के छेमिया गांव की रहने वाले शकुंतला देवी (55) रविवार की दोपहर बाजार में दवा खरीदने आई थीं। नगरपालिका इंटर कॉलेज के पास दो उचक्कों ने पहले उन्हें रोका। इसके बाद उन्हें नशीला पदार्थ सुंघाकर पास में ही एक सुनसान स्थान पर ले गए। उचक्कों ने शकुंतला देवी के पास मौजूद मंगलसूत्र, कान के झुमके, नाक की नथुनी, एक मोबाइल फोन और लगभग 5 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया और फरार हो गए । इसके बाद शकुंलता देवी किसी प्रकार घर पहुंची तो उन्होंने पूरी घटना अपनी बहू बबीता को बताई ।
बाद में परिवार के सदस्यों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। इस संबंध में मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में है । मामले की जांच की जा रही है।



