PDDU नगर में उचक्कों का आतंक: पूर्व केंद्रीय मंत्री के पौत्र की कार से लैपटॉप उड़ाया, ट्रैकर ने खोल दी चोरों की पोल

ट्रैकिंग सिस्टम से खुली चोरों की पोल, जंक्शन के पास फेंका मिला बैग सहित लैपटॉप
NEWS GUURU पीडीडीयू नगर : नगर में उचक्कों का गिरोह लगातार सक्रिय होता जा रहा है। यूनियन बैंक के बाहर 50 हजार रुपये की उचक्कागिरी का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब घोसी लोकसभा सीट से चार बार सांसद रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री कल्पनाथ राय के पौत्र अनंत नारायण राय की कार को निशाना बना लिया गया। हालांकि इस बार चोरों की चालाकी ट्रैकिंग सिस्टम के आगे नहीं टिक सकी और पुलिस ने कुछ ही देर में लैपटॉप बरामद कर लिया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री कल्पनाथ राय के पौत्र अनंत नारायण राय मंगलवार रात अपने नाना शिव गोविंद राय के कैलाशपुरी स्थित आवास आए थे। रात करीब साढ़े नौ बजे वह नई सट्टी में कार खड़ी कर फल खरीदने लगे। इसी दौरान उचक्के ने कार की डिग्गी में रखा लैपटॉप बैग सहित पार कर दिया।
घटना का पता चलते ही अनंत ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली पुलिस और कूड़ा बाजार चौकी की टीम सक्रिय हो गई। राहत की बात यह रही कि लैपटॉप मोबाइल से कनेक्ट होने के कारण उसका ट्रैकिंग सिस्टम चालू था। कुछ ही देर बाद उसकी लोकेशन पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के पास दिखाई दी।
पुलिस ने ट्रैकिंग के आधार पर स्टेशन के पार्सल गेट के समीप सड़क के डिवाइडर की तलाशी ली, जहां बैग सहित लैपटॉप लावारिस हालत में पड़ा मिला। आशंका है कि ट्रैकिंग का अंदेशा होने पर उचक्के लैपटॉप फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने बरामद लैपटॉप उसके मालिक को सौंप दिया।
शहर में बढ़ रही उचक्कागिरी की घटनाएं
नगर में उचक्कों का गिरोह लगातार लोगों को निशाना बना रहा है। 3 अगस्त को नई बस्ती स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया बैंक के गेट पर एक खाताधारक के बैग को ब्लेड से काटकर 50 हजार रुपये उड़ा लिए गए थे। उस मामले का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। ऐसे में लगातार दूसरी घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए है ।



