डीडीयू रेल मंडलपीडीडीयू नगररेलवे

1 सितंबर से चलेगी भारत गौरव ट्रेन, 4 ज्योतिर्लिंग, शिरडी साई बाबा और एलोरा गुफाओं की कराएगी यात्रा

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) एक बार फिर भारत गौरव ट्रेन का संचालन करने जा रहा है। यह विशेष ट्रेन श्रद्धालुओं को चार ज्योतिर्लिंग, शिरडी साई बाबा मंदिर और विश्व प्रसिद्ध एलोरा की गुफाओं के दर्शन कराएगी। यह यात्रा आठ दिन और नौ रात की होगी तथा ट्रेन 1 सितंबर को रक्सौल से रवाना होगी।

पीडीडीयू जंक्शन के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में आईआरसीटीसी के वरीय पर्यवेक्षक पर्यटन मनीष कुमार, पर्यटन सहायक संतोष कुमार और स्टेशन ऑफिसर खालिद राशिद ने यात्रा की विस्तृत जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस धार्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालु उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, नाशिक के त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, छत्रपति संभाजीनगर स्थित घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं को शिरडी साई बाबा मंदिर और यूनेस्को विश्व धरोहर एलोरा की गुफाओं का भ्रमण भी कराया जाएगा।

इन स्टेशनों से कर सकेंगे यात्रा

यात्री रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, दिलदारनगर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और प्रयागराज छिवकी समेत विभिन्न स्टेशनों से इस ट्रेन में सवार हो सकेंगे।

तीन श्रेणियों में उपलब्ध है पैकेज

आईआरसीटीसी ने यात्रियों की सुविधा के लिए यात्रा पैकेज को तीन श्रेणियों में विभाजित किया है—

  • इकॉनमी क्लास – ₹18,160 प्रति व्यक्ति: स्लीपर क्लास रेल यात्रा, नॉन-एसी होटल में ठहराव, ऑन-बोर्ड व ऑफ-बोर्ड शाकाहारी भोजन तथा नॉन-एसी वाहन से स्थानीय भ्रमण।
  • स्टैंडर्ड क्लास – ₹32,550 प्रति व्यक्ति: थर्ड एसी रेल यात्रा, एसी होटल में ठहराव, एसी वाहन से दर्शनीय स्थलों का भ्रमण और भोजन की सुविधा।
  • कंफर्ट क्लास – ₹39,425 प्रति व्यक्ति: सेकंड एसी रेल यात्रा, एसी होटल में ठहराव और एसी वाहनों से पर्यटन स्थलों का भ्रमण।

अधिकारियों ने बताया कि समूह में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष छूट का भी प्रावधान किया गया है।

ऐसे करें बुकिंग

यात्रा की बुकिंग आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट, पटना स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय अथवा अधिकृत प्रतिनिधियों के माध्यम से कराई जा सकती है। श्रद्धालु सीमित सीटों को देखते हुए समय रहते अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button