उत्तर प्रदेशक्राइमचकियाचंदौलीधानापुरनौगढ़पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगरप्रशासनिक

खाली मकान को समझा आसान निशाना, कुंडी तोड़कर घुसे चोर; मेन लाइन काटी और CCTV-DVR भी ले गए

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के रविनगर-बेचूपुर में चोरों ने एक जर्जर और खाली पड़े मकान को निशाना बनाकर स्टेनलेस स्टील की रेलिंग, गैस चूल्हा, सिलिंडर, बर्तन समेत हजारों रुपये का सामान पार कर दिया। चोर यहीं नहीं रुके, बल्कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर को भी उखाड़ ले गए। वारदात के दौरान चोरों ने मीटर से घर के अंदर जाने वाली मेन बिजली लाइन तक काट दी। घटना का पता सोमवार सुबह मकान मालिक के पहुंचने पर चला। पीड़ित ने घर से चोरी हुए समान की कीमत लगभग एक लाख रुपए बताई है ।

रविनगर निवासी दीपक कुमार सिन्हा का पुराना मकान जर्जर हो चुका है। इस कारण वह परिवार के साथ दूसरे मकान में रह रहे हैं। पुराने मकान के पुनर्निर्माण की तैयारी के लिए उन्होंने वहां स्टेनलेस स्टील की रेलिंग समेत अन्य सामान रखा था। इसके अलावा खाना बनाने के लिए स्टील के बर्तन, गैस चूल्हा और सिलिंडर भी मकान में रखे हुए थे।

बताया गया कि 13 सितंबर की देर रात मुख्य गेट की कुंडी तोड़कर मकान में चोर दाखिल हुए। अंदर पहुंचने के बाद चोरों ने पहले मीटर से घर में जाने वाली मेन बिजली लाइन काटी। इसके बाद स्टेनलेस स्टील की रेलिंग, घरेलू बर्तन, गैस चूल्हा, सिलिंडर समेत अन्य सामान समेट लिया। मकान की निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर को भी चोर अपने साथ ले गए। हालांकि, चोर स्टील का पलंग छोड़ गए।

सोमवार सुबह दीपक कुमार सिन्हा पुराने मकान पर पहुंचे तो मुख्य गेट की कुंडी टूटी मिली। अंदर जाकर देखा तो सामान गायब था। इसके बाद उन्होंने करीब सुबह 10 बजे डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है ।

पिछले दिनों नगर और आसपास क्षेत्र में हुई चोरी की प्रमुख घटनाओं का विवरण

21 अगस्त को भी रेल क्वार्टर में चोरी

मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड सेंट्रल कॉलोनी स्थित क्वार्टर संख्या 506 एबी में 21 अगस्त की रात चोरी की घटना हुई थी। यहां रेलवे में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत आशीष कुमार अकेले रहते हैं। आशीष के मुताबिक, रेल अधिकारियों के आगमन को लेकर यूरोपियन कॉलोनी स्थित बाकले जिमखाना में कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। रात करीब 12 बजे काम समाप्त करने के बाद वह दोस्त के घर खाना खाने चले गए। करीब पौने एक बजे जब वह क्वार्टर लौटे तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर लैपटॉप, सोने की अंगूठी, मिक्सर और करीब साढ़े सात हजार रुपये नकद गायब मिले। घटना के बाद उन्होंने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। 

एसआईबी इंस्पेक्टर के घर को चोरों ने खंगाला

मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के आरपीएफ कॉलोनी में 25 अगस्त को चोरों ने रेलवे के एसआईबी निरीक्षक के क्वार्टर संख्या 1610 को खंगाल डाला था। एसआईबी निरीक्षक संदीप जायसवाल के क्वार्टर की खिड़की तोड़कर किचने में घुसे चोरों ने कमरे में प्रवेश किया और वहां रखेनगदी, आभूषण, टीवी और एलपीजी सिलेंडर समेत कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने लगभग तीन लाख रुपये मूल्य के समान पर हाथ साफ किया।

शिक्षक के बंद घर को बनाया निशाना

मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सिद्धार्थपुरम कालोनी में बंद पड़े शिक्षक बाबूलाल यादव के मकान को 25 अगस्त को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात , 80 हजार रुपये नगदी, एलईडी टीवी कीमती कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित के अनुसार वे घर बंद पर पिता की तेरहवीं में शामिल होने अपने गांव गये थे। चोरी की घटना के बाद से परिवार के लोग भय के माहौल में है। यहां घर के बाहर गेट का लगा ताला बंद था, चोरों ने घर के भीतर के कमरों का ताला तोड़ा था।

दर्शन करने गए थे परिवार वाले, चोरों ने घर को बनाया निशाना

मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मालगोदाम रोड स्थित महावीर कालोनी में चारों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के जेवरात समेत 25 हजार रुपये नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। दरअसल भवन स्वामी राजेश कुमार चौधरी 29 अगस्त को परिवार के साथ अयोध्या दर्शन पूजन के लिए गये थे। इस दौरान उनके भाई का परिवार भी साथ गया था। 30 जुलाई को जब वापस लौटे तो घर का हाल देखे उनके होश उड़ गये। घर में चोर छत पर वेटिंलेशन के लिए लगी लोहे की जाली तोड़कर घुसे थे। 

चोरों ने बंद पड़े मकान को बनाया निशान

मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शाहकुटी स्थित एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए चोरों लगभग दो लाख रुपए के समान पर हाथ साफ कर दिया । 01 सितम्बर को घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है । नगर के गल्लामंडी निवासी संता सिंह का एक मकान शाहकुटी में नेपाली बाड़े के पास स्थित है। जहां वे अपनी दुकान समान रखते है। इसके अलावा पिछले कुछ दिनों से उनके घर में निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में उन्होंने अपना कुछ अन्य समान भी शाहकुटी वाले मकान में रखा हुआ था। सोमवार की देर रात उन्हें घर में चोरी की सूचना मिली । जिसपर मंगलवार की सुबह उनकी पत्नी जब घर पहुंची तो देखा कि वहां खिड़की टूटी हुई है । घर के भीतर जाकर देखा तो उन्हें तीन अटैची, बिजली के उपकरण, कांच के बर्तन समेत अन्य कई कीमती समान गायब मिले । इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button