11वीं की छात्रा का शव फंदे से लटका मिला, पिता ने भाई-भाभी समेत तीन पर लगाया हत्या का आरोप

— गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से किया इनकार, —फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य —पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
NEWS GUURU पीडीडीयू नगर : बबुरी कस्बे में बुधवार को 11वीं की 14 वर्षीय छात्रा जाह्नवी का शव घर में साड़ी के फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के पिता ने अपने भाई, भाभी और पिता पर बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए तीनों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक वह बेटी का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

बबुरी कस्बा निवासी गौतम पटवा की 14 वर्षीय पुत्री जाह्नवी कक्षा 11 की छात्रा थी। बुधवार को उसका शव घर के भीतर साड़ी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी किशोर कुमार चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और आवश्यक नमूने जांच के लिए सुरक्षित किए। मृतका के पिता गौतम पटवा ने पुलिस को तहरीर देकर अपने भाई, भाभी और पिता पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक वह बेटी का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर राजी हुए। परिजनों के अनुसार जाह्नवी दो बहनों में छोटी थी। उसकी बड़ी बहन वैष्णवी अपनी बुआ के साथ रहती है, जबकि जाह्नवी अपने माता-पिता के साथ रहती थी।
थाना प्रभारी किशोर कुमार चौबे ने बताया कि मामले के हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



