कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह सम्मानित, एसपी आकाश पटेल ने दिया 10 हजार का नगद पुरस्कार

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर : जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रभावी पुलिस कार्यों के बीच मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह को विशेष सम्मान मिला है। पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल ने उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए ₹10 हजार का नगद पुरस्कार प्रदान किया।

कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मुगलसराय पुलिस ने हाल के दिनों में कई महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की हैं। इनमें 50 हजार के इनामी अभियुक्त की गिरफ्तारी, अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तथा गांजा तस्करों के विरुद्ध चलाए गए अभियान में उल्लेखनीय सफलता शामिल है।
एसपी आकाश पटेल ने कहा कि बेहतर पुलिसिंग, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जनसुरक्षा के प्रति समर्पित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सम्मान पुलिस बल के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
पुरस्कार प्राप्त करने के बाद कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने इसे पूरी मुगलसराय पुलिस टीम की मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा तथा आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।



