उत्तर प्रदेशडीडीयू रेल मंडलपंडित दीनदयाल उपाध्याय नगररेलवे

164 वर्षों बाद डीडीयू जंक्शन पर होगा होम प्लेटफॉर्म, टिकट लेने के बाद सीधे पहुंच सकेंगे प्लेटफॉर्म पर

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर :  पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन की सूरत बदलने वाली है। स्टेशन निर्माण के 164 वर्ष बाद पीडीडीयू जंक्शन पर अब होम प्लेटफार्म बनेगा। इससे यात्री टिकट कटाने के बाद वे सीधे प्लेटफार्म पर पहुंच सकेंगे। वर्तमान में यात्रियों को टिकट कटाने के बाद डेढ़ सौ मीटर चलकर प्लेटफार्म पर पहुंचना पड़ता है। इससे विशेष कर दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों को परेशानी होती है।

ईस्ट इंडिया कंपनी ने वर्ष 1862 में हावड़ा- दिल्ली रूट पर मुगलसराय रेलवे स्टेशन का निर्माण कराया था। यह रूट पटना होकर जाती थी। 6 दिसंबर 1906 को ग्रैंड कॉर्ड लाइन की शुरूआत हुई। इससे गया होते हुए कम समय में हावड़ा पहुंचा जा सकता था। निर्माण के दौरान मुगलसराय को पासिंग स्टेशन बनाया गया। यही कारण है कि टिकट काउंटर के बाद 10 रेलवे लाइन के बाद एक नंबर प्लेटफार्म की शुरूआत होती है। प्लेटफार्म तक पहुंचने के लिए यात्रियों को टिकट काउंटर के बाद फुटओवर ब्रिज से प्लेटफार्म तक पहुंचना पड़ता है। इस तरह टिकट काउंटर से प्लेटफार्म की दूरी लगभग डेढ़ सौ मीटर होती हैै। बुजुर्ग, महिला और दिव्यांग यात्रियों को सीढि़यां चढ़ने और चलने में सांस फूल जाती है। यात्रियों की सुविधा के लिए वर्ष 2019 में यहां एस्केलेटर की शुरूआत की गई लेकिन इस पर दिव्यांग यात्री नहीं चढ़ पाते हैं। वहीं अक्सर यह खराब रहता है। इससे यात्रियों को सीढि़यां चढ़नी पड़ती है। इन समस्याओं को देखते हुए वर्तमान डीआरएम उदय सिंह मीना ने होम प्लेटफार्म बनाने का प्रस्ताव दिया। इंजीनियर विभाग के अप्रूवल के बाद जुलाई माह में नए प्लेटफार्म बनाने की मंजूरी मिल गई है। इसके लिए सर्वे आदि का काम पूरा हो चुका है। जल्द ही इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 600 मीटर लंबा प्लेटफार्म 24 कोच के प्लेटफार्म लायक होगा। इसके बनने पर पीडीडीयू जंक्शन पर नौ प्लेटफार्म हो जाएंगे। इससे यहां अधिक ट्रेनों का ठहराव हो सकेगा।


होम प्लेटफार्म पर मिलेगी वीआईपी सुविधाएं

होम प्लेटफार्म बन जाने के बाद यहां यात्रियों को वीआईपी सुविधाएं मिलेंगी। इसी प्लेटफार्म से राजधानी, दुरंतो, हमसफर सहित अन्य ट्रेनें जाएंगी। इस पर वेटिंग रूम सहित स्टालों की संख्या भी बढ़ जाएगी।

बदल जाएंगे प्लेटफार्मों के नंबर
वर्तमान में पीडीडीयू जंक्शन पर आठ प्लेटफार्म हैं। टिकट काउंटर से होकर फुटओवर ब्रिज के सहारे एक और 2 नंबर प्लेटफार्म पर यात्री पहुंचते हैं। होम प्लेटफार्म बनने के बाद प्लेटफार्मों के नंबर बदल जाएंगे। जहां टिकट काउंटर के बाद एक नंबर प्लेटफार्म होगा। वहीं वर्तमान में एक और 2 नंबर प्लेटफार्म 2 और 3 हो जाएंगे। इसी तरह 7 और 8 नंबर प्लेटफार्म 08 और 09 नंबर हो जाएगा।

पीडीडीयू जंक्शन से भी स्टार्ट हो सकेंगी ट्रेनें
होम प्लेटफार्म बनने के बाद पीडीडीयू जंक्शन पासिंग स्टेशन से ओरिजिन स्टेशन बन जाएगा। इससे यहां से नई ट्रेनें भी चलाई जा सकेगी। इसका लाभ आम यात्रियों को मिलेगा। वहीं प्लेटफार्म की संख्या बढ़ने से अधिक ट्रेनों का ठहराव हो सकेगा। इससे ट्रेनें समय से चल सकेगी।

वर्तमान में यहां 8 प्लेटफार्म हैं
पीडीडीयू जंक्शन से रोजाना 220 ट्रेनें गुजरती है रोजाना 30 हजार यात्री ट्रेनों पर सवार होते हैं और उतरते हैं ।

पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर होम प्लेटफार्म का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी है। जल्द ही इसका निर्माण कराया जाएगा। इससे यात्रियों को आवागमन में आसानी हाेगी। राजीव रंजन, वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, पीडीडीयू मंडल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button