उत्तर प्रदेशचकियाचंदौलीडीडीयू रेल मंडलनौगढ़पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगरप्रशासनिक

त्योहारों में बढ़ेगी भीड़, डीडीयू जंक्शन पर यातायात व्यवस्था संभालने की कवायद तेज

NEWS GUURUपीडीडीयू नगर : आगामी पर्व-त्योहार सीजन में यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने गुरुवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर वाहनों के आवागमन, यात्री सुविधाओं और प्रवेश-निकास व्यवस्था का जायजा लेते हुए व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।

डीआरएम ने जीटी रोड की ओर से स्टेशन आने वाले वाहनों के लिए संचालित गेट नंबर एक और दो का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों गेटों के चौड़ीकरण से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की और सर्कुलेटिंग एरिया में यातायात के बेहतर प्रवाह पर जोर दिया।

गेट नंबर तीन जल्द खोलने के निर्देश
पुराने बस स्टैंड की ओर बनाए गए गेट नंबर तीन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग में पुराने बस स्टैंड से स्टेट बैंक तक भूमि समतलीकरण, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य कार्य किए जा रहे हैं। डीआरएम ने संबंधित कार्यों में तेजी लाकर गेट नंबर तीन को जल्द खोलने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों और वाहनों के आवागमन को एक और वैकल्पिक मार्ग मिल सके।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया में निर्धारित रूट के अनुसार वाहनों का संचालन सुनिश्चित करने को कहा। अनधिकृत स्थानों पर वाहनों की पार्किंग से यातायात बाधित न हो, इसके लिए लगातार निगरानी और आवश्यक नियंत्रण व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
कॉनकोर्स और एस्केलेटर क्षेत्र की निगरानी पर जोर
डीआरएम ने स्टेशन के प्रवेश क्षेत्र से प्लेटफॉर्म तक यात्रियों के आवागमन को अवरोध मुक्त रखने पर भी जोर दिया। इसके लिए कॉनकोर्स, फुट ओवरब्रिज और एस्केलेटर क्षेत्र की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए, ताकि पर्व-त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ के बीच यात्रियों को परेशानी न हो।

वैगन केयर सेंटर की भी परखी व्यवस्था
सर्कुलेटिंग एरिया के निरीक्षण के बाद मंडल रेल प्रबंधक ने वैगन केयर सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां वैगन के अनुरक्षण और मरम्मत की प्रक्रिया, उपलब्ध संसाधनों तथा वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने केंद्र की मौजूदा कार्यप्रणाली का अध्ययन करते हुए आधुनिक तकनीक और नई व्यवस्थाओं को शामिल करने की संभावनाओं का आकलन करने पर जोर दिया। उपलब्ध संसाधनों और आवश्यकताओं के अनुरूप वैगन अनुरक्षण एवं मरम्मत व्यवस्था को अधिक आधुनिक, प्रभावी और दक्ष बनाने की दिशा में काम करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button