पीडीडीयू जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में बदलेगी यातायात व्यवस्था, गेट तीन से भी वाहनों की एंट्री की तैयारी

–एडीआरएम ने अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण –ऑटो स्टैंड भी गेट तीन के पास ले जाने की तैयारी
NEWS GUURU पीडीडीयू नगर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में वाहनों के दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए रेल प्रशासन ने गेट नंबर तीन से वाहनों का आवागमन शुरू कराने की तैयारी शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को एडीआरएम कुलदीप ने वाणिज्यिक, इंजीनियरिंग विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने गेट नंबर तीन को वाहनों के आवागमन के लिए तैयार करने और वहां से एसबीआई बैंक के पहले तक भूमि को एक लेवल में करने के निर्देश दिए।

दरअसल, पीडीडीयू नगर में सड़क चौड़ीकरण के बाद नाला निर्माण का कार्य चल रहा है। इसके चलते रेलवे स्टेशन का गेट नंबर एक फिलहाल कुछ दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। वाहनों का आवागमन गेट नंबर दो से कराया जा रहा है। एक ही गेट से वाहनों की आवाजाही होने के कारण सर्कुलेटिंग एरिया में कई बार जाम की स्थिति बन रही है ।

यात्रियों की परेशानी को देखते हुए बुधवार रात डीआरएम ने सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया था। उन्होंने यातायात को सुगम बनाने के लिए आवश्यक योजना तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद बृहस्पतिवार को एडीआरएम ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
गेट तीन से आने-जाने का रूट होगा तय
निरीक्षण के दौरान एडीआरएम ने गेट संख्या दो के अलावा गेट नंबर तीन से भी वाहनों के आवागमन की तैयारी शुरू करने को कहा। उन्होंने गेट नंबर तीन से एसबीआई बैंक के पहले तक की जमीन को समतल कर एक लेवल में करने के निर्देश दिए, ताकि वाहनों को आने-जाने में परेशानी न हो। एडीआरएम ने वाहनों के प्रवेश और निकास का रूट भी तय किया ।
ऑटो स्टैंड भी गेट तीन के पास होगा
यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए ऑटो स्टैंड को भी गेट नंबर तीन के समीप ले जाने की योजना बनाई गई है। इससे गेट नंबर दो पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही यात्रियों के लिए स्टेशन परिसर में आने-जाने का रास्ता भी सुगम हो सकेगा।
गेट दो के बाहर अतिक्रमण हटाने पर भी चर्चा
निरीक्षण के दौरान गेट नंबर दो की चौड़ाई और उसके आसपास की स्थिति का भी जायजा लिया गया। गेट के आगे मौजूद अतिक्रमण को हटाने के संबंध में पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से वार्ता करने पर भी चर्चा हुई। रेल प्रशासन का प्रयास है कि स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में वाहनों की आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो और यात्रियों को जाम से राहत मिल सके।



