हाईकोर्ट के आदेश पर सीमांकन कराने पहुंची टीम पर हमला, आठ नामजद पर केस, छह लोगो को पुलिस ने लिया हिरासत में
NEWS GUURU पीडीडीयू नगर : मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कबीरपुर गांव में शनिवार को हाईकोर्ट के आदेश पर भूमि का सीमांकन कराने पहुंची राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम पर एक पक्ष के लोगों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पथराव में तीन महिला आरक्षी सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार एवं चिकित्सीय परीक्षण के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के राजकीय अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छह लोगो को हिरासत में लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है ।
कबीरपुर निवासी मनतारा देवी और गांव के पप्पू सोनकर पक्ष के बीच भूमिधरी भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। कुछ माह पहले राजस्व विभाग ने भूमि का सीमांकन कर सीमा-चिह्न स्थापित किए थे, लेकिन दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताते हुए लगाए गए पत्थरों को उखाड़ दिया था। इसके बाद मनतारा देवी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की। न्यायालय ने राजस्व विभाग को चार सप्ताह के भीतर दोबारा सीमांकन कराने का निर्देश दिया था।
हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में शनिवार को तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में राजस्व विभाग और मुगलसराय कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम गांव पहुंची। जैसे ही सीमांकन की प्रक्रिया शुरू हुई, दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध करते हुए टीम पर ईंट-पत्थरों की बारिश शुरू कर दी। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना में महिला आरक्षी दिव्या कनौजिया, अंशिका यादव, रिंशु सिंह तथा कांस्टेबल सुनील गुप्ता घायल हो गए। सभी को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि राजस्व टीम हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में सीमांकन कराने गई थी, लेकिन दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। वहीं क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में आठ नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल पुलिसकर्मियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है तथा गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।



