
NEWS GUURU पीडीडीयू नगर : कोतवाली मुगलसराय पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 13 ग्राम हेरोइन, एक ऑटो, तीन मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन 60 पुड़ियों में पैक थी, जिसे बिक्री के लिए वाराणसी ले जाया जा रहा था।
मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह के अनुसार सोमवार की रात न्यू सेंट्रल कॉलोनी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान जीटीआर ब्रिज की ओर से आ रहे एक ऑटो को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस को देखकर वाहन सवार लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलीनगर थाना क्षेत्र के बाईपास गोधना निवासी मो. सलीम और आजीम अंसारी तथा कसाब महाल निवासी शहनाज बेगम के रूप में हुई। तलाशी के दौरान ऑटो में रखे एक थैले से 60 पुड़ियों में पैक 13 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने ऑटो वाहन, तीन मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद भी कब्जे में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आर्थिक लाभ के लिए हेरोइन की खरीद-फरोख्त करते थे। हेरोइन को छोटी-छोटी पुड़ियों में तैयार कर वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में बेचने का काम करते थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।



