छात्र की पिटाई के आरोप में प्रधानाध्यापक निलंबित, 15 दिन में मांगी गई जांच रिपोर्ट

मवई कला प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच के छात्र से मारपीट का मामला, बीएसए ने बीईओ को सौंपी जांच
NEWS GUURU पीडीडीयू नगर : नियामताबाद विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय मवई कला में कक्षा पांच के छात्र की पिटाई के मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सचिन कुमार ने प्रधानाध्यापक सुबोध कुमार को निलंबित कर दिया है। मामले की विस्तृत जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ), नियामताबाद को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच अधिकारी को 15 दिन के भीतर आरोप पत्र गठित कर जांच पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
बीएसए सचिन कुमार के अनुसार, नौ सितंबर को कक्षा पांच के छात्र पवन कुमार की पिटाई किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के बाद कराई गई जांच में छात्र और उसके परिजनों ने प्रधानाध्यापक पर मारपीट का आरोप लगाया। वहीं, जांच के दौरान प्रधानाध्यापक ने बच्चों को अनुशासन में रहने के लिए डांटने की बात कही।
जांच में विद्यालय में बच्चों के साथ मारपीट की घटना पूर्व में भी सामने आने की बात सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएसए ने प्रधानाध्यापक सुबोध कुमार को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
बीएसए ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के लिए बीईओ नियामताबाद को जांच अधिकारी बनाया गया है। उन्हें निर्धारित अवधि में आरोप पत्र गठित कर विस्तृत जांच पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



