बंद मकानों में चोरी करने वाले गिरोह के आठ सदस्य गिरफ्तार, सोना बरामद, कई स्वर्ण आभूषण विक्रेताओं से भी हो सकती है पूछताछ

—चोरी के जेवर खपाने वाले नेटवर्क पर भी पुलिस की नजर, कई स्वर्ण आभूषण विक्रेताओं से हो सकती है पूछताछ
NEWS GUURU पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। स्वाट, सर्विलांस और मुगलसराय पुलिस की संयुक्त टीम ने इंडियन इंस्टीट्यूट नाचघर के पास से गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 3.50 लाख रुपये नकद, दो लैपटॉप, एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर, सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन बरामद किए गए। चोरी के रुपये से खरीदी गई वेन्यू कार और वारदात में प्रयुक्त ऑटो भी पुलिस ने बरामद किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर। ने बताया कि आरोपियों ने मुगलसराय, चंदौली और बलुआ थाना क्षेत्रों में आठ चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। गिरोह के सदस्य दिन में बंद मकानों की रेकी करते और रात में ताला तोड़कर चोरी करते थे।
बताया कि अगस्त में लगातार हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए मुगलसराय पुलिस, स्वाट और सर्विलांस की टीमें लगाई गई थीं। बुधवार को सूचना मिली कि इंडियन इंस्टीट्यूट नाचघर के पास सफेद रंग की वेन्यू कार और ऑटो के पास कुछ संदिग्ध चोरी के माल के बंटवारे को लेकर बातचीत कर रहे हैं। टीम ने घेराबंदी कर आठ लोगों को पकड़ लिया।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह में प्रत्येक सदस्य की भूमिका तय थी। प्रशांत सोनी उर्फ बाबू सेठ और विशाल भारती गिरोह में मुख्य भूमिका में थे। अनिल गुप्ता पानी सप्लाई करने के बहाने बंद मकानों की रेकी करता था, जबकि ऑटो चालक दीपक जायसवाल भी रेकी में सहयोग करता था। इसके बाद राजेश सिंह, लकी जायसवाल और रहमान उर्फ आंखी चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
प्रशांत ने लिए कुछ आभूषण विक्रेताओं ने नाम
चोरी में मिले सोने-चांदी के आभूषण प्रशांत सोनी के पास पहुंचते थे। इन्हें खपाने की जिम्मेदारी तुषार वर्मा को दी गई थी। पुलिस का कहना है कि तुषार की नगर में तीन सोने-चांदी की दुकानें हैं और इन्हीं के माध्यम से चोरी के आभूषणों को खपाने की बात सामने आई है। सूत्रों के अनुसार प्रशांत चोरी के जेवर खरीदने के मामले में नगर के कुछ आभूषण विक्रेताओं के नाम भी लिए है, बरामद सोने-चांदी के आभूषणों के स्रोत और उनकी बिक्री की कड़ियां जोड़ने के लिए नगर के कई स्वर्ण आभूषण विक्रेताओं से पूछताछ होने की संभावना है।
3.50 लाख रुपये और यह सामान बरामद
3.50 लाख रुपये नकद
डेल कंपनी के दो लैपटॉप
सोनी एलईडी टीवी
इंडेन गैस सिलेंडर
दो जोड़ी पायल
तीन मीना, एक अंगूठी और एक कान की बाली
कई मोबाइल फोन
चोरी के रुपये से खरीदी गई वेन्यू कार
वारदात में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा
आठों आरोपियों पर दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार प्रशांत सोनी उर्फ बाबू सेठ पर चोरी के नौ, विशाल भारती पर विभिन्न धाराओं में 12, रहमान उर्फ आंखी पर चोरी के 16, राजेश सिंह पर चोरी के नौ, अनिल गुप्ता पर चोरी के 10, दीपक जायसवाल पर चोरी के नौ, तुषार वर्मा पर चोरी के 10 और लकी जायसवाल पर चोरी समेत विभिन्न धाराओं में 12 मुकदमे दर्ज हैं।



