उत्तर प्रदेशक्राइमचंदौलीप्रशासनिक

एसपी आकाश पटेल की रणनीति का असर, इनामिया बदमाशों की गिरफ्तारी में चंदौली अव्वल , एडीजी जोन वाराणसी ने जारी की सूची

22 दिनों में 11 इनामिया बदमाश गिरफ्तार, वाराणसी जोन के अन्य जिलों से काफी आगे रही चंदौली पुलिस

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर । इनामिया और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चंदौली पुलिस ने वाराणसी जोन में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। पिछले 22 दिनों में चंदौली पुलिस ने 11 इनामिया बदमाशों को गिरफ्तार कर जोन में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। इस उपलब्धि का श्रेय पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे प्रभावी अभियान और पुलिस टीमों की सक्रियता को दिया जा रहा है।

एडीजी वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा की ओर से जारी सूची में चंदौली सबसे आगे है। 29 जुलाई 2026 से 20 अगस्त 2026 तक आंकड़ों के मुताबिक मिर्जापुर और भदोही में तीन-तीन, जबकि गाजीपुर, जौनपुर, सोनभद्र और आजमगढ़ में दो-दो इनामिया बदमाशों की गिरफ्तारी हुई है।

25 इनामिया अपराधी पहुंचे सलाखों के पीछे
एडीजी जोन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बीते 22 दिनों में वाराणसी जोन में कुल 25 इनामिया अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 50 हजार रुपये के सात, 25 हजार रुपये के 16 और 10 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश शामिल हैं। इन अपराधियों का संबंध लूट, डकैती, हत्या, अपहरण, गैंगस्टर, गो-तस्करी और शराब तस्करी जैसे गंभीर अपराधों से बताया गया है।

एसपी आकाश पटेल की रणनीति का दिखा असर
चंदौली में 11 इनामिया बदमाशों की गिरफ्तारी को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अपराध नियंत्रण को लेकर अपनाई गई रणनीति का अहम परिणाम माना जा रहा है। जिले में इनामिया और वांछित अपराधियों की निगरानी के साथ-साथ सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की सक्रियता से पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है।

वाराणसी जोन के आंकड़ों में चंदौली का शीर्ष पर रहना पुलिस की कार्रवाई की गति और अपराधियों पर बढ़ते दबाव को दर्शाता है। हालांकि, पुलिस के सामने चुनौती यह भी है कि अभियान को लगातार जारी रखते हुए फरार और वांछित अपराधियों तक पहुंच बनाई जाए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और गंभीर अपराधों में शामिल वांछित एवं इनामिया बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार काम कर रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button