उत्तर प्रदेशचंदौली

पीडीडीयू नगर में बुरा हाल, रात में बिजली ने रुलाया, दिन में पानी ने सताया

NEWS GUURU पीडीडीयू  नगर : नगर में इन दिनों बिजली और पानी की बदहाल व्यवस्था ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। एक ओर पिछले दो दिनों से रात में  लगातार हो रही बिजली कटौती ने उमस भरी गर्मी में लोगों की रातों की नींद छीन ली है, तो दूसरी ओर जीटी रोड पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पानी की पाइपलाइन ने सड़क किनारे और गलियों में  जल संकट खड़ा कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि लोग पूछ रहे हैं कि आखिर विकास कार्य जनता की सुविधा के लिए हो रहे हैं या परेशानियां बढ़ाने के लिए।


बीते दो दिनों से रात के समय बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है। उमस और गर्मी के बीच घंटों की कटौती से घरों में लगे एसी, कूलर और पंखे शोपीस बनकर रह गए हैं। पूरी रात लोग बिजली विभाग और प्रशासन को कोसते हुए गुजारने को मजबूर हैं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की परेशानी सबसे अधिक बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि दिनभर की थकान के बाद रात में राहत मिलने के बजाय बिजली कटौती ने चैन छीन लिया है।

उधर, नगर में पानी की समस्या भी लगातार गहराती जा रही है। जीटी रोड पर रस्तोगी गली के पास सड़क निर्माण में जुटी कंपनी द्वारा नई पाइपलाइन बिछाने के दौरान पालिका की पुरानी जलापूर्ति लाइन क्षतिग्रस्त कर दी गई।

इसके चलते पिछले चार दिनों से कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति प्रभावित है। लोगों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है और निजी साधनों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि विकास कार्यों के दौरान न तो पर्याप्त सावधानी बरती जा रही है और न ही क्षतिग्रस्त सुविधाओं को समय पर दुरुस्त करने की गंभीरता दिखाई जा रही है।

नतीजा यह है कि एक ओर बिजली की आंख-मिचौली और दूसरी ओर पानी का संकट, दोनों मिलकर आमजन का धैर्य परख रहे हैं। नगरवासियों का कहना है कि जिम्मेदार विभागों के अधिकारी समस्या के समाधान के दावे तो करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। हालात यह हैं कि गर्मी से राहत के लिए बिजली नहीं है और प्यास बुझाने के लिए पर्याप्त पानी नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button