जलीलपुर चौकी के पास कूड़े के ढेर के समीप मिला प्रॉपर्टी डीलर का शव, इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर । मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जलीलपुर पुलिस चौकी के समीप शनिवार शाम कूड़े के ढेर के पास एक प्रॉपर्टी डीलर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मृतक की पहचान सत्येंद्र सिंह उर्फ कल्लू सिंह (43) निवासी जायसवाल स्कूल के पास, मुगलसराय के रूप में हुई है। वह प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े हुए थे। स्थानीय लोगों ने कूड़े के ढेर के पास शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर प्रथम दृष्टया किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
परिजनों के अनुसार सत्येंद्र सिंह अविवाहित थे और अपने वृद्ध माता-पिता की देखभाल करते थे। उनके बड़े भाई का पहले ही निधन हो चुका था, जिसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम पसरा हुआ है।
इस संबंध में मुग़लसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।



