पीडीडीयू जंक्शन के बाहर बदलेगी तस्वीर, हटेंगी दुकानें, पार्किंग और नए प्रवेश द्वार की तैयारी

NEWS GUURU पीडीडीयू नगर : पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के मुख्य प्रवेश मार्ग को चौड़ा करने और स्टेशन के बाहर लगने वाले जाम से राहत दिलाने की कवायद तेज हो गई है। रेलवे, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), नगर पालिका और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने गुरुवार को स्टेशन के मुख्य गेट से लेकर पार्सल गेट और शास्त्री पार्क तक निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क किनारे बने अतिक्रमण, निर्माणाधीन नाली और सड़क चौड़ीकरण के कार्य का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने अतिक्रमण हटाकर यहां पार्किंग विकसित करने और स्टेशन के प्रवेश द्वारों का विस्तार करने की योजना पर मंथन किया।

संयुक्त टीम में एडीआरएम कुलदीप, सीनियर डीईएन (कोऑर्डिनेशन) सूरज कुमार, एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी धर्मेंद्र राज और पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। निरीक्षण के बाद टीम लोको कॉलोनी पहुंची, जहां से दक्षिणी प्रवेश द्वार तक जाने वाले मार्ग का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने यहां भी सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक बिंदुओं को चिन्हित किया।
अधिकारियों के अनुसार, पड़ाव से गोधना तक सड़क चौड़ीकरण के दौरान स्टेशन की ओर स्थित कई दुकानों को हटाया गया था, लेकिन अभी भी कुछ स्थानों पर अतिक्रमण और दुकानों के अवशेष मौजूद हैं। गेट नंबर-1 से गेट नंबर-2 तक नाली निर्माण पूरा होने के बाद इन अवशेषों को हटाया जाएगा। खाली हुई जगह पर वाहनों के लिए पार्किंग विकसित की जाएगी, जिससे स्टेशन के बाहर बेतरतीब वाहन खड़े होने की समस्या खत्म होगी और जाम से राहत मिलेगी।
योजना के तहत स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार को भी चौड़ा किया जाएगा। वर्तमान में यात्रियों के लिए मुख्य गेट और पार्सल गेट से ही प्रवेश की सुविधा है, लेकिन भविष्य में एक नया प्रवेश द्वार भी विकसित करने की तैयारी है। इससे यात्रियों का आवागमन आसान होगा और भीड़ का दबाव अलग-अलग मार्गों पर बंट सकेगा।
दक्षिणी प्रवेश द्वार तक पहुंचने वाले लोको कॉलोनी मार्ग को भी चौड़ा किया जाएगा, ताकि इस दिशा से आने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके। रेलवे और प्रशासन का मानना है कि दोनों ओर के प्रवेश मार्ग विकसित होने से स्टेशन के आसपास यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा।
एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। संयुक्त निरीक्षण का उद्देश्य मौके की वास्तविक स्थिति का आकलन कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करना है। जल्द ही संबंधित विभागों के समन्वय से अभियान शुरू किया जाएगा।



