
NEWS GUURU पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल की ओर से बृहस्पतिवार को आयोजित रेल सप्ताह समारोह में मंडल के 101 रेलकर्मियों को उत्कृष्ट कार्य का पुरस्कार मिला। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने रेलकर्मियों को सम्मानित किया। वहीं पिछले दिनों जीएम अवार्ड से सम्मानित 16 रेलकर्मचारियों को भी अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्ज्वलन, शंखनाद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने कहा कि भारतीय रेल ने आज 173 गौरवशाली वर्ष पूरे कर लिए हैं। यह देश के लाखों परिवारों की आजीविका का आधार है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल देश के विभिन्न हिस्सों, दिलों और समाज को जोड़ने वाली सशक्त कड़ी है। कहा कि पीडीडीयू मंडल उत्तर, उत्तर-पूर्व, पश्चिम एवं दक्षिण भारत को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण परिचालन केंद्र है। यहां प्रतिदिन लगभग 600 से 700 ट्रेनों का संचालन किया जाता है। पिछले वर्ष मंडल ने समयपालन, संरक्षा, यात्री सुविधा, मेंटेनेंस, राजस्व अर्जन एवं परिचालन दक्षता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की हैं। कर्मचारियों की सतर्कता एवं कड़ी मेहनत के कारण मंडल ने उत्कृष्ट संरक्षा प्रदर्शन दर्ज किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि डीडीयू मंडल के 14 हजार रेलकर्मियों लिए कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं है। इसके बाद महाप्रबंधक स्तर पर विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से सम्मानित 16 रेलकर्मियों का अभिनंदन किया गया। वहीं विभिन्न विभागों से चयनित 101 कर्मचारियों को रेल सेवा पुरस्कार के अंतर्गत प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

इस मौके पर पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन पीडीडीयू की अध्यक्ष चित्रा सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक कुलदीप, सीनियर डीईएन समन्वय सूरज कुमार, सीनियर डीसीएम राजीव रंजन, कमांडेंट दिनेश सिंह तोमर, सीनियर डीएफएम राहुल राज,सीनियर डीएमई नितिन कुमार, सीनियर डीईई सुनील सिंह यादव,सीनियर डीईई वीरेंद्र कुमार यादव, सीनियर डीईई पीके सिन्हा, सीनियर डीएसटीई विवेक सौरभ, सीनियर डीएसओ संतोष कुमार, सीनियर डीईएन स्वाति राज, सीनियर डीईएन अजय कुमार चौधरी, सीएमएस डॉक्टर केशव चंप्रमनारी आदि उपस्थित रहे।
संचालन मुख्य कल्याण निरीक्षक अरविंद चतुर्वेदी ने किया। वहीं धन्यवाद ज्ञापन वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी उज्ज्वल आनंद ने किया।



