महापंचायत : क्षत्रिय समाज के जरूरतमंदों की मदद का संकल्प, गरीब बेटियों की शादी और मेधावी छात्रों की पढ़ाई में होगा सहयोग

पीडीडीयू नगर। नगर के अग्रवाल सेवा संस्थान में रविवार को क्षत्रिय महासभा की ओर से क्षत्रिय महापंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के जरूरतमंद परिवारों की मदद को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। महापंचायत में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग करने के साथ ही जरूरतमंद मेधावी छात्रों की पढ़ाई का खर्च उठाने में मदद करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षत्रिय महासभा युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवनीश सिंह और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र प्रताप सिंह ने भगवान श्रीराम और महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान चिकित्सकों, अधिवक्ताओं और खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम संयोजक रजनीश सिंह डब्लू ने अतिथियों का माल्यार्पण कर एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अवनीश सिंह ने कहा कि समाज की पहचान केवल अपनी विरासत और गौरव पर गर्व करने से नहीं, बल्कि कमजोर और जरूरतमंद परिवारों का सहारा बनने से होती है। उन्होंने कहा कि प्रयास होना चाहिए कि आर्थिक तंगी के कारण किसी गरीब बेटी की शादी न रुके और किसी प्रतिभावान विद्यार्थी की पढ़ाई बाधित न हो। समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंदों के लिए संरक्षक की भूमिका निभाते हुए आगे आना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि समाज की एकजुटता केवल आयोजनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। शिक्षा, रोजगार और जरूरतमंदों की मदद को सामाजिक जिम्मेदारी मानकर सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है।
महापंचायत में देवेंद्र सिंह मुन्ना, शशिशंकर सिंह, राजेश सिंह, शिवाजी सिंह, दिलीप सिंह एडवोकेट, भानू प्रताप सिंह, डॉ. आरपी सिंह, डॉ. अशोक सिंह, सुमित सिंह, मुन्ना सिंह, राजेंद्र सिंह, विकास सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



