चोरों का ‘ऑपरेशन रेलवे कॉलोनी’, पुलिस की गश्त बेअसर! 26 दिन में तीन बड़ी चोरियां

NEWS GURU पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत् की रेलवे पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाली रेलवे कॉलोनियां इन दिनों चोरों के निशाने पर हैं। महज 26 दिनों के भीतर रेलवे कॉलोनियों में चोरी की तीन घटनाएं सामने आने से रेलकर्मियों और उनके परिवारों में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जबकि घटना के बाद पुलिस जांच और कार्रवाई की बात तक सीमित नजर आती है।
अंगूठी, चेन , टीवी और सिलेंडर चोरी
सबसे ताजा मामला आरपीएफ कॉलोनी का है। यहां क्वार्टर संख्या 1610 में चोरों ने धावा बोलकर नगदी, आभूषण, टीवी और एलपीजी सिलेंडर समेत कीमती सामान चोरी कर लिया। क्वार्टर में एसआईबी पोस्ट डीडीयू में तैनात संदीप जायसवाल रहते हैं।
संदीप जायसवाल दो दिन पहले क्वार्टर बंद कर नौगढ़ थाना क्षेत्र के मझगाईं स्थित अपने गांव गए थे। इसी दौरान चोरों ने उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाया और बंद क्वार्टर को निशाना बना लिया। पीछे के रास्ते आए चोरों दरवाजा और खिड़की उखाड़ दी। इसके बाद कमरे में घुस गए । चोरों ने आलमारी खंगाली और सोने की दो अंगूठियां, एक चेन, टीवी, एलपीजी सिलेंडर समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर डायल-112 को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस संबंध में मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है , सिर्फ सिलेंडर चोरी हुआ है, अभी तहरीर नहीं प्राप्त हुई है ।
21 अगस्त को भी रेल क्वार्टर में चोरी
इससे पहले 21 अगस्त की रात ओल्ड सेंट्रल कॉलोनी स्थित क्वार्टर संख्या 506 एबी में चोरी हुई थी। यहां रेलवे में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत आशीष कुमार अकेले रहते हैं।
आशीष के मुताबिक, रेल अधिकारियों के आगमन को लेकर यूरोपियन कॉलोनी स्थित बाकले जिमखाना में कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। रात करीब 12 बजे काम समाप्त करने के बाद वह दोस्त के घर खाना खाने चले गए। करीब पौने एक बजे जब वह क्वार्टर लौटे तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर लैपटॉप, सोने की अंगूठी, मिक्सर और करीब साढ़े सात हजार रुपये नकद गायब मिले।
घटना की सूचना डायल-112 को दी गई। अगले दिन रेलवे पुलिस चौकी में तहरीर देकर मामले की जानकारी दी गई। हालांकि, मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एक अगस्त को ट्रेन मैनेजर के घर लाखों की चोरी
रेलवे कॉलोनी में चोरी की तीसरी वारदात एक अगस्त को इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी स्थित ट्रेन मैनेजर के सरकारी आवास में हुई थी। पूर्व मध्य रेलवे में कार्यरत ट्रेन मैनेजर आनंद कुमार के क्वार्टर संख्या 379/F को चोरों ने निशाना बनाया था।
परिवार के मुताबिक, सुबह करीब छह बजे नींद खुलने पर बरामदे में सामान बिखरा मिला। गोदरेज की आलमारी खुली थी और उसमें रखे कीमती सामान गायब थे। चोरी हुए सामान में सोने की दो अंगूठियां, दो झुमके, चार अन्य सोने के गहने, दो चांदी की पायल, डेल कंपनी का लैपटॉप, करीब सवा लाख रुपये नकद और गुल्लक में जमा लगभग 25 हजार रुपये शामिल थे। चोरी हुए आभूषणों की अनुमानित कीमत छह से सात लाख रुपये बताई गई थी।
सवालों के घेरे में रेलवे कॉलोनियों की सुरक्षा
लगातार तीन चोरी की घटनाओं ने रेलवे कॉलोनियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक के बाद एक हो रही वारदातों से रेलकर्मी अपने आवास की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। सवाल यह है कि यदि चोर लगातार रेलवे कॉलोनियों में बंद और आबाद क्वार्टरों को निशाना बना रहे हैं तो पुलिस की नियमित गश्त और निगरानी व्यवस्था आखिर कहां है?
रेलवे कॉलोनियों में लगातार हो रही चोरियों से यह भी साफ है कि महज घटना के बाद जांच शुरू करना पर्याप्त नहीं है। पुलिस को संवेदनशील कॉलोनियों में नियमित गश्त, संदिग्धों की निगरानी और पूर्व की घटनाओं के खुलासे के लिए प्रभावी कार्रवाई करनी होगी, ताकि चोरों के बढ़ते हौसले पर लगाम लग सके



